चंडीगढ़ : पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) ने पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले के शहीदो के परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए मोहाली क्रिकेट स्टेडियम के अंदर विभिन्न जगहों पर लगी पाकिस्तानी क्रिकेटरों की तस्वीरों को रविवार को हटा दिया। पीसीए के कोषाध्यक्ष अजय त्यागी ने बताया कि यह फैसला संघ के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया।
त्यागी ने कहा, ‘एक विनम्र कदम के तहत, पीसीए ने पुलवामा हमले के शहीदों के साथ एकजुटता दिखाने का फैसला किया। इस जघन्य हमले के बाद देश में काफी गुस्से का माहौल है और पीसीए भी उससे अलग नहीं है।’ उन्होंने कहा कि मोहाली स्टेडियम के विभिन्न जगहों पर पाकिस्तान क्रिकेटरों की लगभग 15 तस्वीरें लगी थी।
दोनों देशों के बीच इस मैदान में आखिरी मुकाबला 2011 विश्व कप के दौरान खेला गया था। इस सेमीफाइनल मैच में भारत ने शाहीद अफरीदी की अगुवाई वाले पाकिस्तान को 29 रन से हराया था। त्यागी ने कहा कि जिन क्रिकेटरों की तस्वीरों को हटायी गयी है उसमें पाकिस्तान के मौजूदा प्रधानमंत्री इमरान खान भी शामिल है। उनके अलावा अफरीदी, जावेद मियादाद और वसीम अकरम शामिल है।
इससे पहले शनिवार को मुंबई स्थित क्रिकेट क्लब आफ इंडिया ने भी इस आतंकवादी हमले का अनूठा विरोध जताते हुए पाकिस्तान के पीएम इमरान खान का पोस्टर ढक दिया। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में गुरूवार को हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए और कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं । पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश ए मुहम्मद ने इसकी जिम्मेदारी ली है।


Download Android App
Download iOS App



