जयपुर : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की अंक तालिका में अंतिम स्थान पर काबिज राजस्थान रायल्स को प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिए किसी चमत्कार की जरूरत है और टीम कल घरेलू मैदान किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ करो या मरो मैच में इसी उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी। लगातार तीन हार ने रायल्स की कमजोरियों को उजागर कर दिया है जिन्हें खेल के हर विभाग में सुधार करने की जरूरत है। उनका सामना पिछले मैच में जीत दर्ज करने वाली पंजाब की टीम से है जो तालिका में तीसरे स्थान पर है। कल इंदौर में हुए मैच को पंजाब ने आसानी से छह विकेट से जीता था। आईपीएल की शुरुआती सत्र की विजेता टीम के लिए गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के कारण प्रतिबंध झेल रहे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ के बाहर होने के बाद कुछ भी सही नहीं चल रहा है।
बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन के कारण टीम ऐसी स्थिति में आ गयी है जहां से उसे प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर मैच जीतना होगा और यह भी प्रार्थना करनी होगी कि दूसरे मैचों के नतीजे उसके अनुकूल रहे। सत्र में घरेलू मैचों में राजस्थान का रिकार्ड बेहतर है जहां उन्होंने तीन में से दो मैचों में जीत दर्ज की है लेकिन कल होने वाले मैच में उसे फिर से नयी शुरुआत करनी होगी। लगातार तीन हार में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मिली हार भी शामिल है जिसमें टीम ने कई मौके गंवाये थे। इस प्रदर्शन से मेंटर शेन वार्न भी डग आउट में काफी निराश दिखे। कप्तान अजिंक्य रहाणे, इंग्लैंड के हरफनमौला बेन स्टोक्स और राहुल त्रिपाठी के औसत प्रदर्शन ने टीम की स्थिति को और खराब किया है। मेजबानों के लिए इन तीनों का चलना जरूरी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



