विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा अंगूठे में चोट के कारण 14 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ बेंगलुरू में खेले जाने वाले एकमाज टेस्ट मैच के लिये भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर हो गये हैं और उनकी जगह दिनेश कार्तिक को शामिल किया गया है जो आठ वर्ष बाद टेस्ट प्रारूप में वापसी कर रहे हैं। भारत को बेंगलुरू में अफगानिस्तान के साथ 14 जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है जो मेहमान टीम का ऐतिहासिक पदार्पण टेस्ट है। साहा को इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) में दूसरे क्वालिफायर के दौरान अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान अंगूठे में चोट लग गयी थी। यह मैच 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला गया था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि रिद्धिमान साहाको बोर्ड के मेडिकल स्टाफ के निरीक्षण में रखा गया है और प्रबंधन ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पूरा आराम देने का फैसला किया है। साहा को करीब पांच से छह सप्ताह तक आराम की सलाह दी गयी है।
अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने रिद्धिमान साहा की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को टीम में शामिल किया है। एक जून को 33 वर्ष के हुये चेन्नई के कार्तिक को अपने जन्मदिन के एक दिन बाद ही बीसीसीआई से भी बड़ तोहफा मिल गया और उन्हें लगभग आठ वर्ष बाद भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने का मौका मिल गया। कार्तिक ने आखिरी बार बंगलादेश के खिलाफ चटगांव में वर्ष 2010 में टेस्ट मैच खेला था। उन्होंने अब तक करियर में 23 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें एक शतक और सात अर्धशतकों सहित 1000 रन बनाये हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



