मुंबई : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शानदार फार्म के दम पर आत्मविश्वास से ओतप्रोत चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल के मैच में बुधवार को मुंबई इंडियंस से खेलेगी जो टूर्नामेंट की सबसे कामयाब दो टीमों के बीच मौजूदा सत्र का पहला मुकाबला दिलचस्प रहेगा। तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीन जीत दर्ज करके अंकतालिका में शीर्ष पर है। दूसरी ओर मुंबई ने तीन में से दो मैच हारे और एक जीता।
दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मुकाबलों में से चार मुंबई ने जीते। कुल मिलाकर दोनों के बीच 26 मैच खेले गए जिनमें से 14 मुंबई ने जीते। इस बार चेन्नई का पलड़ा भारी लग रहा है और खास तौर पर धोनी शानदार फार्म में है जिन्होंने राजस्थान रायल्स के खिलाफ पिछले मैच में 46 गेंद में 75 रन बनाये। चेन्नई के पास बल्लेबाजी में गहराई है और स्पिन गेंदबाजी में विविधता है जबकि मुंबई के पास बेहतर तेज आक्रमण है।
मुंबई की टीम अपने सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकाक पर काफी निर्भर है जबकि बाकी बल्लेबाजों को प्रदर्शन में सुधार करना होगा। मेजबान के पास वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अलजारी जोसेफ या हरफनमौला बेन कटिंग को खराब फार्म से जूझ रहे लसिथ मलिंगा की जगह उतारने का मौका है। स्पिन विभाग में मुंबई की टीम पीछे है क्योंकि चेन्नई के पास हरभजन जैसा अनुभवी स्पिनर है। उनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर और रविंद्र जडेजा भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं ।


Download Android App
Download iOS App



