पहले टेस्ट मैच के लिए साहा और पृथ्वी शॉ को मिला प्लेइंग XI में मौका, पंत और गिल बाहर

Summary :

भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार से आस्ट्रेलिया के साथ शुरू हो रहे डे-नाइट टेस्ट मैच के लिए अपनी अंतिम-11 का ऐलान कर दिया है।

भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार से आस्ट्रेलिया के साथ शुरू हो रहे डे-नाइट टेस्ट मैच के लिए अपनी अंतिम-11 का ऐलान कर दिया है। बॉर्डर-गावसकर ट्रोफी के लिए सीरीज के इस पहले मुकाबले में ऋद्धिमान साहा को ही विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पृथ्वी शॉ को भी शामिल किया गया है ,जबकि एडिलेड ओवल मैदान पर खेले जाने वाले इस मैच में टीम में शुभमन गिल ,ऋषभ पंत और लोकेश राहुल को बाहर रखा गया है।
बता दें,बीसीसीआई ने बुधवार को पहले टेस्ट के लिए प्लेइंग-XI की लिस्ट साझा कर दी है,जो 17 दिसंबर से एडिलेड ओवल में खेला जाना है। जरूरी बात यह विदेशी धरती पर भारत का पहला डे-नाइट टेस्ट होगा। चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज का यह पहला मैच भारत का दूसरा डे-नाइट टेस्ट मैच होगा। इस मैच के बाद विराट कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट जाएंगे। 

पृथ्वी शॉ के खराब फॉर्म को देखते हुए उम्मीद थी कि शुभमन गिल को पदार्पण करने का मौका मिलेगा, लेकिन टीम प्रबंधन ने शॉ के साथ जाने का फैसला किया। वह मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। सलामी बल्लेबाज के लिए भारत के पास लोकेश राहुल का भी विकल्प था, लेकिन लंबे समय से टेस्ट न खेलने वाले राहुल को टीम ने बेंच पर ही रखने का फैसला किया। 
वहीं पंत ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेले गए दूसरे अभ्यास मैच में शतक जमा कर विकेटकीपर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की थी। वह पिछले आस्ट्रेलियाई दौरे पर भी टीम में थे। इसलिए लग रहा था कि टीम प्रबंधन उनके साथ जाना चाहेगा, लेकिन टीम ने साहा के अनुभव को पसंद किया। 
रविचंद्रन अश्विन के रूप में एक स्पिनर टीम में है। टीम ने कई बार पहले ही यह संकेत दिए थे कि अश्विन टीम में स्पिनर के रूप में पहली पसंद होंगे। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के साथ उमेश यादव तीसरे तेज गेंदबाज हैं। यहां मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी जगह बनाने से चूक गए। 
भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान),रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर),मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी,  रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी। 

Desk Team