FIFA 2022 के लिए कतर में पूरा हुआ 90 प्रतिशत काम, भारतीय फैंस टीवी पर उठा सकेंगे मैच का लुत्फ

Summary :

कतर में 2022 में होने वाले फीफा विश्व कप की तैयारियां जोरों पर हैं जिसके लिए स्टेडियमों का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

कतर में 2022 में होने वाले फीफा विश्व कप की तैयारियां जोरों पर हैं जिसके लिए स्टेडियमों का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और भारतीय खेल प्रेमियों के लिए मैचों का समय काफी उपयुक्त है जो टीवी पर आसानी से इनका लुत्फ उठा सकते हैं। फीफा विश्व कप के अगले संस्करण का आगाज आज से ठीक 2 साल बाद 21 नवंबर को कतर में होना है।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार विश्व कप के लिए जरूरी इंफ्रास्टक्चर के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और यह लगभग 90 फीसदी पूरा हो चुका है जिसमें 3 स्टेडियम – खलीफा इंटरनेशनल, अल जानोब और एजुकेशन सिटी का काम पहले ही पूरा हो चुका है। इन स्टेडियमों में कोविड-19 महामारी के बावजूद 2020 में 100 से अधिक मैचों का आय़ोजन हुआ है। इसके मुताबिक खेल प्रेमियों को ग्रुप चरण के दौरान एक दिन में एक से ज्यादा मैच देखने का मौका मिलेगा। पूर्व घोषणा के अनुसार प्रत्येक दिन 4 मैच कराए जाएंगे।
विश्व कप के काउंटडाउन पर फीफा प्रमुख जियानी इनफेनटिनो ने कहा, ‘‘2020 पूरी दुनिया के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। फुटबॉल अतिश्योक्ति नहीं है। तमाम मुश्किलातों के बावजूद बीते कुछ महीनों में अच्छा विकास हुआ है। कतर ने एक बार फिर शानदार प्रतिबद्धता दिखाई है। मुझे यकीन है कि 2 साल बाद कतर में फीफा विश्व कप का अभूतपूर्व आयोजन होगा औऱ यह ऐसा होगा जो 2022 के बाद आने वाले कई सालों तक याद किया जाएगा।’’
कतर विश्व कप के दौरान होने वाले मैचों का समय भारतीय खेल प्रेमियों के लिए काफी उपयुक्त है और जो लोग टेलीविजन पर फुटबॉल देखना चाहते हैं वे इन मैचों का लुत्फ आसानी से ले सकते हैं। दिन में 4 मैच होने हैं। पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर में 3.30 बजे शुरू होगा। इसी तरह अंतिम मैच भारतीय समयानुसार रात 12.30 बजे शुरू होगा। दूसरे और तीसरे मैचों को भारत में टीवी दर्शकों के लिहाज से प्राइमटाइम स्लाट में रखा गया है। ये मैच शाम 6.30 और रात 9.30 बजे शुरू होंगे।

Desk Team