एडम्स ने विलियमसन की मंशा पर उठाए सवाल

Summary :

विकेटकीपर क्विंटन डि कॉक द्वारा कैच पकड़े जाने के बाद भी केन विलियमसन द्वारा क्रीज नहीं छोड़ने पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्पिनर पॉल एडम्स ने न्यूजीलैंड के कप्तान की ईमानदारी पर सवाल उठाया।

बर्मिंघम : विकेटकीपर क्विंटन डि कॉक द्वारा कैच पकड़े जाने के बाद भी केन विलियमसन द्वारा क्रीज नहीं छोड़ने पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्पिनर पॉल एडम्स ने न्यूजीलैंड के कप्तान की ईमानदारी पर सवाल उठाया। विलियमसन की नाबाद शतकीय पारी से न्यूजीलैंड ने बुधवार को यहां विश्व कप के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को चार विकेट से हराया। 
उनकी यह पारी विवादों में रही क्योंकि मैच के 38वें ओवर में इमरान ताहिर की गेंद पर डि कॉक ने उनका कैच लपक लिया था। विलियमसन उस समय 76 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। एडम्स ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा कि केन विलियमसन ने मैदान क्यों नहीं छोड़ा। उन्होंने दूसरे ट्वीट में पूछा कि क्या इसके लिए वह आत्मग्लानि महसूस करेंगे। 
ताहिर ने हांलाकि इस कैच के लिए अपील की लेकिन अंपायर ने इस नकार दिया। दक्षिण अफ्रीका टीम ने डीआरएस की मांग नहीं की लेकिन बाद में रीप्ले में दिखा की गेंद बल्ले का किनारा लेते हुए विकेटकीपर के दस्तानों में गयी थी। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने मैच में कहा कि उन्होंने डि कॉक पर भरोसा कर डीआरएस लेना सही नहीं समझा। 
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मैं उस समय काफी दूर खड़ा था। डि कॉक सबसे करीब थे जिन्हें यह पता नहीं चला। केन (विलियमसन) ने भी कहा कि उसे इसके बारे में पता नहीं चला। वैसे भी मुझे नहीं लगता कि उस कारण मैच जीता या हारा गया।

Desk Team