धवन के दर्द को महसूस कर सकता हूं : तेंदुलकर

Summary :

सचिन तेंदुलकर ने गुरूवार को कहा कि चोट के कारण भारत की विश्व कप टीम से बाहर होने वाले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के दर्द को वह महसूस कर सकते हैं।

साउथम्पटन : महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने गुरूवार को कहा कि चोट के कारण भारत की विश्व कप टीम से बाहर होने वाले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के दर्द को वह महसूस कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जतायी की धवन की जगह टीम में शामिल ऋषभ पंत अच्छी बल्लेबाजी करेंगे। 
धवन अंगूठे में फ्रेक्चर से उबर नहीं पाने के कारण मौजूदा विश्व कप से बाहर हो गये और उनकी जगह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम में जगह दी गयी। धवन को नौ जून को लंदन में आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान बायें हाथ के अंगूठे में चोट लग गयी थी। 
इस मैच में उन्होंने शतकीय पारी खेल टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। धवन की जगह टीम में 21 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज पंत को टीम में शामिल किया गया है। जिन्होंने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के अपने पहले दौरे पर टेस्ट में शतकीय पारियां खेलकर प्रभावित किया था। तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि ऋषभ तुम अच्छा खेल रहे हो और खुद की प्रतिभा को दिखाने के लिए इससे बड़ा मंच नहीं हो सकता। शुभकामनाएं।

Desk Team