मेलबर्न : पिछले सत्र की अच्छी फार्म जारी रखते हुए युकी भांबरी ने आज पिछड़ने के बाद वापसी कर ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिये क्वालीफाई किया लेकिन रामकुमार रामनाथन अपने पहले ग्रैंड स्लैम में खेलने से चूक गये। पच्चीस वर्षीय भांबरी ने तीसरे और अंतिम क्वालीफाइंग दौर में पहला सेट गंवाने के बाद वापसी की और एक घंटे 55 मिनट में कनाडा के पीटर पोलांस्की को 1-6, 6-3, 6-3 से शिकस्त दी। वह शुरूआती दौर में साइप्रस के स्टार मार्कस बघदातिस से भिड़ेंगे जो यहां 2006 में फाइनल में पहुंचे थे। भांबरी ने इस तरह तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरूष एकल मुख्य ड्रा में प्रवेश किया। वह 2015 और 2016 में पहले दौर में क्रमश: एंडी मर्रे और टामस बर्डिच से हार गये थे।
वहीं रामकुमार को निर्णायक सेट के पांचवें गेम में सर्विस ब्रेक करने का मौका मिला लेकिन वह इसे अंक में नहीं तब्दील कर सके और अंत में तीसरे दौर के मुकाबले में कनाडा के वासेक पोसपिसिल से 4-6, 6-4, 4-6से हार गये। ग्रैंड स्लैम में रामकुमार का अंतिम क्वालीफाइंग दौर में पहुंचना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भांबरी जूनियर वर्ग में विश्व नंबर एक रह चुके हैं, उन्होंने यहां 2009 में आस्ट्रेलियन ओपन लड़कों के एकल वर्ग का खिताब जीता था और पेशेवर बनने के बाद सिर्फ इसी ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रा में खेले हैं। मेलबर्न पार्क में उनके प्रदर्शन के बारे में पूछने पर भांबरी ने कहा कि मैं नहीं जानता कि मैं यहां बेहतर कैसे खेल पाता हूं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



