ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ने रविवार को कहा कि टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर अब भी अपनी चोटिल ग्रोइन (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) से पूरी तरह से नहीं उबरे है जिससे भारत के खिलाफ 7 जनवरी से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में भी उनकी भागीदारी संदिग्ध है।
इस 34 साल के खिलाड़ी को भारत के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दूसरे मैच में यह चोट लगी थी जिसके बाद वह तीसरे एकदिवसीय और 3 मैचों की टी-20 श्रृंखला और पहले दोनों टेस्ट मैचों से बाहर रहे। 4 मैचों की मौजूदा टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया को वॉर्नर की कमी खल रही है और टीम अच्छी शुरूआत करने में नाकाम रही है। यहां दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भी पूरी टीम 195 रन पर आउट हो गयी।
लैंगर ने चैनल सेवन के लिए रिकी पोंटिंग को दिये साक्षात्कार में कहा,‘‘वॉर्नर से ज्यादा पेशेवर शायद कोई और नहीं हो और वह सब कुछ कर रहे है जो संभव है।’’ लैंगर ने कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि वॉर्नर तीसरे टेस्ट से पहले चोट से उबर जाएंगे। उन्होंने कहा,‘‘मैच से पहले हमने उसे बल्लेबाजी अभ्यास करते देखा, उन्होंने आज दोपहर में भी एमसीजी (मेलबर्न क्रिकेट मैदान) में बल्लेबाजी की। वह बल्लेबाजी अभ्यास में अच्छा कर रहे है लेकिन उनके ग्रोइन में अब भी समस्या है। हमें पता है कि उनकी मौजूदगी से टीम को कितना फायदा होगा।’’
वॉर्नर की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रही है जिससे कोच काफी निराश है। उन्होंने कहा, ‘‘हम मैच में पकड़ नहीं बना पा रहे है। अगर आप पहले टेस्ट और इस मैच की पहली पारी को देखेंगे तो हम साझेदारी बनाने में नाकाम रहे है। हमें इस मामले में काफी सुधार करना होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



