बार्सिलोना : मौजूदा चैम्पियन एफसी बार्सिलोना ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां स्पेनिश लीग के 31वें दौर के मैच में एटलेटिको मेड्रिड को 2-0 से पराजित किया। इस मुकाबले के 28वें मिनट में स्ट्राइकर एटलेटिको के स्ट्राइकर डिएगो कोस्टा को रेड कार्ड मिला जिसके बाद मेहमान टीम को 10 खिलाड़ियों से ही खेलना पड़ा। बीबीसी के अनुसार, इस अहम जीत ने 2018-19 सीजन में भी बार्सिलोना का चैम्पियन बनना लगभग तय कर दिया है।
तालिका में पहले पायदान पर काबिज बार्सिलोना के 73 अंक हो गए हैं जबकि एटलेटिको 62 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। दोनों टीमों के बीच पहले हाफ में कड़ी टक्कर देखने को मिली। मेहमान टीम ने बेहतरीन डिफेंस किया और 29वें मिनट में कोस्टा को रेड कार्ड मिलने के बावजूद बार्सिलोना को गोल नहीं करने दिया। कोस्टा ने रेफरी के निर्णय पर नाराजगी जाहिर की जिसके कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। दूसरे हाफ में शुरुआत से ही बार्सिलोना ने आक्रामक रुख अपनाया।
मेजबान टीम ने लगातार एटलेटिको के डिफेंस पर दबाव बनाया और कई मौको पर उसे भेदने में भी कामयाब रहे। हालांकि, शानदार फार्म में चल रहे गोलकीपर जान ओब्लाक ने अपनी टीम को मुकाबले में पिछड़ने नहीं दिया। मैच के 85वें मिनट में स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने बेहतरीन खेल दिखाया।
उन्होंने 25 गज की दूरी से दमदार गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके एक मिनट बाद, महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी गेंद लेकर 18 गज के बॉक्स में दाखिल हुए और गोल करते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। अगर बार्सिलोना की टीम इस सीजन खिताब जीतने में कामयाब हो पाती है तो पिछले सात वर्षो में यह उसका पांचवा खिताब होगा।


Download Android App
Download iOS App



