भारतीय टीम इस समय अपनी लचर बल्लेबाजी से काफी ज्यादा दुखी है। वो इस वक्त सिर्फ और सिर्फ इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट बचाने में जुटी है। ऐसे में भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में कप्तान कोहली और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के आउट होने पर अपना रिएक्शन दिया है। बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने भारतीय बल्लेबाजों का बचाव करते हुए कहा कि खराब फॉर्म खेल का हिस्सा है और वे जल्दी ही रन बनायेंगे । राठौर ने कहा कि भारतीय बल्लेबाज खराब दौर से उबरने के लिये नेट्स पर काफी मेहनत कर रहे हैं ।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन के खेल के बाद उनसे पूछा गया कि क्या विदेश में बल्लेबाजों के लगातार खराब प्रदर्शन से उन पर दबाव बना है, उन्होंने कहा ,‘नहीं , बिल्कुल नहीं। हम काफी मेहनत कर रहे हैं । यह अलग तरह की स्थिति है और हम खिलाड़ियों के साथ काफी मेहनत कर रहे हैं ।वे अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं, मेहनत कर रहे हैं और अभ्यास कर रहे है। नतीजे जल्दी ही जायेंगे।

उन्होंने कहा, क्रिकेट खेलते समय बतौर बल्लेबाज खराब दौर भी आता है । आपको उससे पार पाने के लिये कड़ी मेहनत करनी होती हे और प्रक्रिया सही रखनी होती है। सहयोगी स्टाफ के रूप में हम ऐसा करने में उनकी मदद कर रहे हैं।

राठौर ने कहा, जहां तक हम पर दबाव की बात है तो ऐसा नहीं है। लेकिन बहुत मेहनत करने के बाद भी कोई नाकाम होता है तो चिंता होती है। हमें सभी बल्लेबाजों पर भरोसा है और वे काफी मेहनत कर रहे हैं। जल्दी ही रन भी बनायेंगे। बल्लेबाजों के बारे में पूछने पर उन्होंने रोहित शर्मा को शॉट्स का चयन करने में और सावधानी बरतने की सलाह दी । वहीं उन्होंने कहा कि कप्तान विराट कोहली एकाग्रता टूटनू के कारण विकेट गंवा बैठे ।

टीम इंडिया की तरफ से पहली पारी में शतक जमाने वाले राहुल 30 गेंदों में 5 रन बनाकर बोल्ड हो गए। रोहित 36 गेंदों में 21 रन बनाकर सीरीज में दूसरी बार पूल शॉट खेलकर मायूस दिखे। वहीं विराट से जो रूट की तरह कप्तानी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए. कोहली 31 गेंदों में 20 रन बनाकर सैम कुरेन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। वहीं चौथे दिन खराब रोशनी की वजह से मैच जल्दी रोके जाने पर भारत ने छह विकेट पर 181 रन बना बनाये उसके पास 154 रनों की बढ़त है। ऋषभ पंत 14 और ईशांत शर्मा 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



