गुवाहाटी : पीवी सिंधू और साइना नेहवाल ने शुक्रवार को यहां अपने अपने सेमीफाइनल मैच जीतकर 83वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला एकल के फाइनल में रोमांचक मुकाबले की नींव रखी। पिछले साल नागपुर में भी इन दोनों के बीच खिताबी मुकाबला हुआ था।
सिंधू ने सेमीफाइनल में असम की 19 वर्षीय अश्मिता चालिहा को 21-10, 22-20 से जबकि साइना ने नागपुर की वैष्णवी भाले को 21-15, 21-14 से हराया। साइना ने पिछले साल नागपुर और फिर गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक के मैच में सिंधू को हराया था। सिंधू शनिवार को होने वाले फाइनल में इसका बदला चुकता करने की कोशिश करेगी।
पुरुष एकल में दो बार के पूर्व चैंपियन सौरभ वर्मा ने मुंबई के कौशल धर्मामर को 21-14, 21-17 से हराकर पुरूष एकल फाइनल में प्रवेश किया। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और कुहू गर्ग ने अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय करते हुए फाइनल में जगह बनायी। विश्व के 46वें नम्बर की जोड़ी ने बिग्नेस देवाल्कर और हरिका वी को 32 मिनट में 21-15, 21-16 से हराया।
फाइनल में उनका सामना मनु अत्री और मनीषा के. से होगा। जिन्होंने श्लोक रामचंद्रन औऱ मिथुला यूके को 21-18, 21-17 से हराया। महिला युगल में मेघना जक्कमपुडी और पूर्विशा एस राम ने खिताब के लिए अपना प्रयास जारी रखते हुए कुहू गर्ग और अनुष्का पारीख को 21-13, 21-16 से हराया।
फाइनल में इस जोड़ी का सामना शिखा गौतम और अश्विनी भट से होगा, जिन्होंने अपर्णा बालन और श्रुति केपी को 21-19, 24-22 से पराजित किया। पुरुष युगल में प्रणव जेरी चोपड़ा और चिराग शेट्टी ने अरुण जार्ज और संयम शुक्ला को 21-17, 21-18 से हराकर फाइनल में जगह बनायी।


Download Android App
Download iOS App



