क्रिकेट फैंस के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। जी हां, दरअसल हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच 20 फरवरी को होने वाले टी20 सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले के लिए 20 हजार दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की इजाजत दे दी है। बता दें, भारत और वेस्टइंडीज अपना तीसरा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंन्स पर खेलेंगी।

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा, आपके अनुरोध के बाद अन्य पदाधिकारियों के साथ बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 में दर्शकों को प्रवेश दिया जा सकता है। इसके लिए कैब अपने सदस्यों और मान्य ईकाइयों को फ्री टिकट जारी करेगा।

हालांकि, इससे पहले गांगुली ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की जोखिम से बचने के लिए दर्शकों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मालूम हो तब डालमिया ने 70 प्रतिशत दर्शकों को प्रवेश की अनुमति देने की गुजारिश की थी।

वहीं अब डालमिया ने कहा, हम बीसीसीआई के शुक्रगुजार हैं। इससे कैब आजीवन सहयोगियों, सालाना और मानद सदस्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकेगा। पहले दो टी20 मैचों में 2000 के करीब दर्शकों को कारपोरेट बॉक्स और डॉक्टर बी सी रॉय क्लब हाउस के ऊपरी दर्जे में प्रवेश की अनुमति दी गई है। पहले दो मैचों के मैच पास सिर्फ प्रायोजकों के लिए हैं।

दूसरा टी20 कल खेला जाएगा
बताते चले, भारत और वेस्टइंडीज के बीच कल यानी 18 फरवरी को दूसरा टी20 खेला जाएगा। भारत ने अपना पहला टी20 जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। इससे पहले भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज टीम को करारी शिकस्त दी थी।


Download Android App
Download iOS App



