भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने लंबे इंतजार के बाद रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का कार्यक्रम जारी कर दिया और परंपरा के अनुसार मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स 19 सितंबर को अबुधाबी में पहले मैच में पिछले साल के उप विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगा।
भारत में कोविड-19 के मामलों के बढ़ने के कारण विश्व की सबसे बड़ी टी20 लीग का आयोजन इस साल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन स्थानों दुबई, अबुधाबी और शारजाह में किया जाएगा।

टूर्नामेंट के उदघाटन मैच के बाद अगले दिन दुबई में दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब आमने सामने होंगे जबकि 21 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मैच होगा। शारजाह में पहला मैच 22 सितंबर को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा।

बीसीसीआई की विज्ञप्ति के अनुसार कुल दस दिन दो . दो मैच खेले जाएंगे। इनमें पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट से जबकि दूसरा मैच शाम सात बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। दुबई कुल 24 मैचों की मेजबानी करेगा। अबुधाबी में 20 और शारजाह में 12 मैच खेले जाएंगे। आईपीएल 2020 के प्लेऑफ के स्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी। फाइनल 10 नवंबर को होगा।


Download Android App
Download iOS App



