भुवनेश्वर : विश्व की तीसरे नंबर की टीम और ओलम्पिक रजत पदक विजेता बेल्जियम ने पहले मिनट में गोल खाने के झटके से उबरते हुए धुआंधार प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका को हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट के पूल सी मुकाबले में शनिवार को 5-1 से पीट दिया। बेल्जियम की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है और उसके पूल सी में सात अंक हो गए हैं।
पूल में शीर्ष पर रहने वाली टीम को सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश मिलेगा जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्रॉस ओवर मैच खेलेंगी और जीतने वाली टीम फिर क्वार्टरफाइनल में पहुंच चुकी टीमों से मुकाबला करेगी। बेल्जियम को पूल में शीर्ष पर रहने के लिए बड़ी जीत की जरूरत थी लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने पहले मिनट में ही गोल कर ओलम्पिक रजत पदक विजेता टीम को चौंका दिया।
बेल्जियम ने इसके बाद जबरदस्त खेल दिखाया और पांच गोल ठोक कर जीत अपने नाम की। निकोलस स्पूनर ने पहले ही मिनट में दक्षिण अफ्रीका के लिए मैदानी गोल किया लेकिन टीम इस बढ़त का आगे फायदा नहीं उठा पायी। बेल्जियम को बराबरी के लिए 14 वें मिनट तक इन्तजार करना पड़ा लेकिन इसके बाद बेल्जियम ने आधे समय तक 4-1 की बढ़त बना ली।
अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने 14 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर बराबरी का गोल किया। साइमन गोगनार्ड ने 18 वें मिनट में दूसरा, हेंड्रिक्स ने 22 वें मिनट में तीसरा और लोइक लुइपार्ट ने 30 वें मिनट में चौथा गोल कर दिया। सेड्रिक चार्लियर ने 48 वें मिनट में बेल्जियम का पांचवां गोल किया। बेल्जियम ने आखिरी सेकंड में छठा गोल कर दिया था लेकिन तब तक हूटर बज चुका था और इस गोल को मान्य करार नहीं दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



