आईसीसी वुमेन टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड दर्ज करते हुए सातवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। लॉर्ड्स में खेले गए इस मुकाबले में स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी इस पारी के साथ ही उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो मेन्स और वुमेन्स क्रिकेट मिलाकर अब तक कोई भी खिलाड़ी हासिल नहीं कर पाया था।
फाइनल में खेली मैच जिताऊ पारी

151 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन बेथ मूनी ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम की पारी को मजबूती दी। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 130.61 रहा। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने टारगेट 17.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मूनी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी दिया गया।
विराट कोहली समेत कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे

इस अर्धशतक के साथ बेथ मूनी ने क्रिकेट इतिहास में नया चैप्टर लिख दिया है। वो अब मेन्स और वुमेन्स क्रिकेट मिलाकर टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में तीन बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह अचीवमेंट किसी भी क्रिकेटर के नाम नहीं थी। भारतीय दिग्गज विराट कोहली, श्रीलंका के कुमार संगकारा और वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुअल्स टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में दो-दो अर्धशतक लगाने का कारनामा कर चुके थे, लेकिन मूनी ने तीसरी बार यह अचीवमेंट हासिल कर के सभी को पीछे छोड़ दिया है।
महिला क्रिकेट में भी बनाया अनोखा रिकॉर्ड

वुमेन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी बेथ मूनी से पहले कोई बल्लेबाज फाइनल मुकाबलों में एक से ज्यादा अर्धशतक नहीं लगा पाया था। अब उनके नाम फाइनल में तीन अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक अचीवमेंट है।
फाइनल में लगातार शानदार प्रदर्शन

बेथ मूनी बड़े मुकाबलों की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने 2020 वुमेन टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ नाबाद 78 रन की यादगार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2023 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी उन्होंने नाबाद 74 रन बनाए और टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया।
अब 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 64 रनों की नाबाद पारी खेलकर उन्होंने लगातार तीसरे वर्ल्ड कप फाइनल में अर्धशतक लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बेथ मूनी का यह प्रदर्शन न केवल ऑस्ट्रेलिया की सातवीं विश्व कप जीत का आधार बना, बल्कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल फाइनल बल्लेबाजों में भी शामिल कर गया।


Download Android App
Download iOS App




