कोलकाता : पूरी तरह फिट हो चुके तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले महीने होने वाली टी20 और एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में वापसी की जबकि आलराउंडर शिवम दुबे को पहली बार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया।
भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलनी है जिसका पहला मैच छह दिसंबर को मुंबई में होगा। अगले दो मैच तिरूवनंतपुरम (आठ दिसंबर) और हैदराबाद (11 दिसंबर) में खेले जाएंगे। तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच चेन्नई (15 दिसंबर), विशाखापत्तनम (18 दिसंबर) और कटक (22 दिसंबर) में होंगे।
मांसपेशियों में खिंचाव के कारण तेज गेंदबाज भुवनेश्वर को अगस्त में वेस्टइंडीज दौरे के बीच से वापस लौटना पड़ा था। भारत ने सीमित ओवरों की श्रृंखलाओं के लिए अपनी मजबूत टीम चुनी है जिसमें कप्तान विराट कोहली ने भी वापसी की है जबकि उप कप्तान रोहित शर्मा ने ब्रेक नहीं लेने का फैसला किया। कोहली की टीम में वापसी के कारण संजू सैमसन को एक भी मैच खेले बिना भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा।
उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में चुना गया था। सीनियर सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को हाल में खराब फार्म के बावजूद टीम में बरकरार रखा गया है जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और बायें हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की सबसे छोटे प्रारूप की टीम में वापसी हुई है।
केदार जाधव भी एकदिवसीय टीम में जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं जबकि टीम में श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे दोनों को जगह मिली है। बांग्लादेश के खिलाफ टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर की एकदिवसीय टीम में वापसी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



