दीपक चाहर ने शानदार गेंदबाजी से मचाया तहलका, चेन्नई ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया

Summary :

आईपीएल के 14वें सीजन का 8वां मुकाबला शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया।

आईपीएल के 14वें सीजन का 8वां मुकाबला शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। सीएके ने पंजाब किंग्स को इस एकतरफा मैच में 6 विकेट से अपने नाम किया है। मालूम हो चेन्नई सुपर किंग्स की मौजूदा आईपीएल 2021 में ये पहली जीत है। टॉस हारकर पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सीमित 20 ओवर में 8 विकेट गवांकर महज 106 रन बनाए। जिसकेब जवाब में सीएके ने 6 विकेट बाकी रहते हुए पंजाब के इस लक्ष्य को बहुत आसानी से हासिल कर लिया। 
पीली जर्सी वाली टीम के गेंदबाजों के आगे पंजाब किंग्स के बल्लेबाज बहुत ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और उनकी आधी टीम 27 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गई थी।  इसमें अहम भूमिका दीपक चाहर ने निभाई जिन्होंने पहले ही ओवर में मयंक अग्रवाल (0) को खूबसूरत गेंद पर बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद भी उन्होंने दबाव बनाए रखा और अपने चार ओवर के स्पैल में केवल दो चौके ही लगने दिए। 
फॉर्म में चल रहे पंजाब के कप्तान के एल राहुल (05) शार्ट कवर पर खड़े रवींद्र जडेजा के शानदार थ्रो से रन आउट हुए जो एक रन चुराने का प्रयास कर रहे थे। जडेजा ने इसके बाद पांचवें ओवर में डाइव करते हुए बेहतरीन कैच लपका और क्रिस गेल की 10 रन की पारी खत्म कर दी जो चाहर का दूसरा विकेट था।
पंजाब की तरफ से शाहरुख खान ने  36 गेंदों पर 47 रनों की पारी खेली और वह आखिरी ओवर में सैम करन की गेंद पर आउट हुए। शाहरुख खान ने  4 चौके और 2 छक्के उड़ाए। निकोलस पूरन दूसरी बार शून्य पर आउट हुए,जबकि दीपक हुड्डा (10) सातवें ओवर में फाफ डुप्लेसिस को आसान कैच देकर आउट हुए। 
वहीं चेन्नई की तरफ से दीपक की गेंदबाजी के तूफान में पंजाब उड़ता हुआ नजर आया। दीपक ने 4 ओवर में केवल 13 रन देकर 4 विकेट अपने नाम कर लिए और उन्होंने इस दौरान एक मेडेन ओवर भी फेंका। चेन्नई की तरफ से मोईन अली (47) और फाफ डुप्लेसी की 36 रनों की नाबाद पारी के दम पर 107 रनों के लक्ष्य को महज 15.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
चेन्नई की बल्लेबाजी की बात करें तो ऋतुराज गायकवाड़ ने 5, फाफ डु प्लेसिस ने 39, मोईन अली ने 46, सुरेश रैना 8, अंबाती रायुडू 0 और सैम करन ने 5 रन का योगदान दिया। पंजाब के लिए मोहम्मद शमी ने 2, अर्शदीप सिंह और मुरुगन अश्विन ने 1-1 विकेट लिया। चेन्नई ने यह मुकाबला 16 वें ओवर में अपने नाम कर लिया। 

Desk Team