दुबई : कोविड-19 से संक्रमित दीपक चाहर और रुतुराज गायकवाड़ को छोड़कर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के बाकी खिलाड़ी अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिये अभ्यास शुरू कर देंगे क्योंकि तीसरे दौर के परीक्षण के बाद उन सभी के परिणाम नेगेटिव आये हैं।
इन परिणामों से फ्रेंचाइजी को बड़ी राहत मिली क्योंकि पिछले सप्ताह उसके 13 सदस्य कोविड-19 के लिये पॉजीटिव पाये गये थे। टूर्नामेंट 19 सितंबर से तीन शहरों दुबई, शारजाह और अबुधाबी में खेला जाएगा।
सीएसके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केएस विश्वनाथन ने कहा, ‘‘अभ्यास आज से शुरू हो जाएगा। उन 13 को छोड़कर बाकी सभी का परीक्षण तीसरी बार भी नेगेटिव आया है। जिनका परीक्षण पॉजीटिव आया था उनका पृथकवास (14 दिन) पूरा करने के बाद ही फिर से परीक्षण किया जाएगा। ’’
दीपक और रुतुराज के अलावा चेन्नई टीम स्टाफ के 11 सदस्यों का अगले सप्ताह 14 दिन का पृथकवास पूरा होने के बाद दो बार परीक्षण किया जाएगा। अभ्यास शुरू करने से पहले उनके दो परीक्षण नेगेटिव आने जरूरी हैं।
इस बीच अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के टीम से जुड़ने में देरी को लेकर इस खिलाड़ी और सीएसके की तरफ से कोई पुष्टि नहीं हो पायी। कयास लगाये जा रहे हैं कि वह निजी कारणों से टूर्नामेंट से हट सकते हैं। विश्वनाथन ने इस पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।
सीएसके पास हरभजन के अलवा तीन अन्य प्रमुख स्पिनर हैं। इनमें लेग स्पिनर इमरान ताहिर, बायें हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर और लेग स्पिनर पीयूष चावला शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



