मुंबई : भारत ने 21 फरवरी से आस्ट्रेलिया में शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी 20 विश्व कप के लिये रविवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित की और हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम में बंगाल की बल्लेबाज रिचा घोष एकमात्र नया चेहरा हैं। टीम में और किसी नये चेहरे को शामिल नहीं किया गया है। वहीं हरियाणा की 15 साल की छात्रा शेफाली वर्मा भी अपने पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ अच्छे प्रदर्शन के बाद पहली वैश्विक प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
रिचा को हाल ही में महिला चैलेंजर ट्राफी में उनके अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला, जिन्होंने 26 गेंद में चार चौके और एक छक्के से 36 रन बनाये थे। महिला चयन समिति की अध्यक्ष हेमलता काला ने कहा कि देखिये, पिछले एक साल में हमने पांच से छह खिलाड़ियों को पदार्पण कराया है। इससे पहले एक ही टीम खेला करती थी लेकिन 2017 वनडे विश्व कप के बाद काफी नई खिलाड़ी आयी हैं।
हमें लगता है कि हमने पांच या छह नये खिलाड़ियों को तैयार किया है जो अब खेल रही हैं।उन्होंने कहा कि रिचा घोष नयी खिलाड़ी हैं और यहां चयनकर्ताओं की भूमिका बढ़ जाती है। चयनकर्ताओं ने टी20 विश्व कप से पहले आस्ट्रेलिया में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए भी 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें नुजहत परवीन को 16 वें सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
बड़े टूर्नामेंट से पहले त्रिकोणीय सीरीज खेलना टीम के लिये फायदेमंद होगा
यह टूर्नामेंट 31 जनवरी से शुरू हो रहा है जिसमें तीसरी टीम इंग्लैंड है। कप्तान हरमनप्रीत को लगता है कि बड़े टूर्नामेंट से पहले त्रिकोणीय सीरीज खेलना टीम के लिये फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि विश्व कप से पहले, यह सीरीज हमारे लिये बड़ी होने वाली है और हम अपने सर्वश्रेष्ठ संयोजन को उतारना चाहेंगे और इससे नयी खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोच डब्ल्यू वी. रमन की मौजूदगी से टीम को काफी मदद मिली है। उन्होंने कहा कि वह काफी अनुभवी क्रिकेटर हैं और हमें कोचिंग दे रहे हैं। वह हमेशा हमारी मदद करते हैं कि दबाव भरे हालात में खुद को कैसे संयमित रखा जाये और एक दूसरे की सहायता कैसे की जाये। वह हमारे लिये बेहतरीन काम कर रहे हैं। उनके अनुभव से विश्व कप में मदद मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



