रोम : पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने नये क्लब जुवेंटस के लिये अभी तक मैदान पर कदम भी नहीं रखा है लेकिन उन्हें लेकर जुनून इस कदर छाया है कि इतालवी क्लब ने स्टार फुटबॉलर के नाम की जर्सी ‘सीआर-7’ बेचकर ही करार की आधी रकम वसूल कर ली है। रोनाल्डो ने रियाल मैड्रिड के साथ अपना पुराना नाता हाल में तोड़ते हुये जुवेंटस के साथ करार किया है।
पुर्तगाली स्ट्राइकर ने तुरिन स्थित क्लब के साथ करीब 802 करोड़ रूपये में करार किया है। 33 वर्षीय रोनाल्डो जैसे बड़े खिलाड़ी के इटली के क्लब से जुड़ने पर प्रशंसकों में भारी उत्साह है और जैसे ही जुवेंटस ने सीआर 7 जर्सी अपनी वेबसाइट पर बेचने के लिये बिक्री शुरू एक ही दिन में करीब पांच लाख 20 हजार जर्सी बिक गयीं। वहीं क्लब के आधिकारिक प्रायोजक एडिडास ने अपने स्टोर के जरिये 20 हजार जर्सी बेचीं।
इतालवी मीडिया के अनुसार रोनाल्डो की पांच लाख जर्सियों को ऑनलाइन खरीदा गया है जबकि गत वर्ष जुवेंटस ने अपनी टीम की कुल 850,000 जर्सी ही ऑनलाइन बेची थीं। जुवेंटस की असली जर्सी की कीमत 104 यूरो है जबकि इसकी नकल 45 यूरो में बाजार में मिल रही है। हालांकि लोग ऑनलाइन इसकी अधिकृत जर्सी खरीद रहे हैं। क्लब ने पहले दिन जर्सी से करीब 5.4 करोड़ यूरो की कमाई की है जबकि जुवेंटस ने रोनाल्डो के ट्रांसफर फीस के लिये 10 करोड़ यूरो में करार किया है।
सिरी ए टीम रोनाल्डो को इसके अतिरिक्त चार वर्षों में 12 करोड़ यूरो का भुगतान करेगी। वहीं फीफा के नियमानुसार जुवेंटस को 1.2 करोड़ यूरो अतिरिक्त खर्च करने होंगे जिससे रोनाल्डो के साथ करार की कुल कीमत करीब 23.2 करोड़ यूरो बैठती है जो जुवेंटस के लिये पिछले 30 वर्षों में सबसे महंगा करार भी है।


Download Android App
Download iOS App



