नई दिल्ली : दुनिया के महान खिलाड़ी और भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा सितारा सचिन तेंदुलकर मंगलवार को 45 वर्ष के हो गये। पूर्व भारतीय बल्लेबाज को दुनियाभर से उनके प्रशंसकों और क्रिकेटरों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। महान बल्लेबाज सचिन का जन्म 24 अप्रैल 1973 को मुंबई के एक मध्यवर्गीय परिवार में हुआ था। वह दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं जिन्होंने करियर में 200 टेस्ट खेले और 100 अंतर्राष्ट्रीय शतक बनाये। इसके अलावा वह एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भी पहले क्रिकेटर हैं।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई)और दुनियाभर से प्रशंसकों के अलावा विभिन्न खेलों से जुड़े हस्तियों ने भी सचिन को जन्मदिन की बधाई दी है। सौरभ गांगुली, वीरेंद, सहवाग, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, इरफान पठान, अजिंक्या रहाणे, बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल, पीवी सिंधू, निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने सचिन को ट्विटर पर बधाई संदेश दिये हैं। सचिन के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले पूर्व क्रिकेटर और आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के मेंटर वीरेंद्र सहवाग ने अपने अंदाज में ट्विटर पर बधाई संदेश दिया। उन्होंने लिखा’ वह सिर्फ क्रिकेटर नहीं, दुनिया है मेरी और बहुतों की, आपको जन्मदिन की बहुत सारी बधाई।
यह वह शख्स है जो भारत में समय को रोक सकता है। आपका बल्लेबाज को एक शस्त्र बनाने के लिये शुक्रिया जिसे बाद में मेरे जैसे कई लोगों ने इस्तेमाल किया।’मास्टर ब्लास्टर के साथ कई वर्षों तक क्रिकेट खेल चुके ऑफ स्पिनर हरभजन ने भी काफी मजेदार संदेश लिखा’ हिंदुस्तान की शान हो आप, गुल हैं हम तो गुलिस्तां हो आप, शतक और शताब्दी के महाराथी, हर मैदान चाहता है आपको, इस युग की पहचान हो आप। जन्मदिन बहुत बहुत मुबारक हो पाजी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



