कोलकाता : भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने आज कहा कि श्रीलंका के खिलाफ उनकी टीम का पहला लक्ष्य ईडन गार्डन्स में होने वाले पहले टेस्ट मैच को जीतना है ताकि तीन मैचों की श्रृंखला के लिये लय बनायी जा सके। साहा ने 16 नवंबर से श्रीलंका के खिलाफ होने वाले शुरूआती टेस्ट मैच से पूर्व भारतीय टीम के पहले अभ्यास सत्र के बाद कहा कि हमने अभी तक विकेट नहीं देखा है लेकिन पहला लक्ष्य शुरूआती टेस्ट मैच जीतना और सीरीज के लिये लय हासिल करना है।
भारतीय टीम की निगाह अभी दक्षिण अफ्रीकी सीरीज पर नहीं है जो छह जनवरी से केपटाउन में शुरू होनी है। साहा ने कहा कि टीम एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि हर मैच महत्वपूर्ण है और एक अलग तरह की चुनौती पेश करता है। तैयारियों जैसी कोई बात नहीं है।
हम एक समय में एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। अगर हम यहां पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो फिर दक्षिण अफ्रीकी सीरीज के बारे में सोचेंगे। अन्य स्पिनरों की तुलना में रविचंद्रन अश्विन को उपर रखने वाले साहा ने कहा कि इस आफ स्पिनर के सामने विकेटकीपिंग करना चुनौती होती है। क्योंकि वह विविधतापूर्ण गेंदबाजी करते हैं। साहा से पूछा गया कि क्या टीम तीन स्पिनरों के साथ उतरेगी, उन्होंने कहा कि इसका फैसला हम विकेट देखकर करेंगे और यह आकलन करेंगे कि कौन गेंदबाज इस विकेट से अधिक मदद हासिल कर सकता है।


Download Android App
Download iOS App



