नई दिल्ली : इंग्लैंड के कई दौरों पर टीम इंडिया का हिस्सा रहे पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन का मानना है कि भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में दो स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव के साथ उतरना चाहिए क्योंकि साल के इस समय विकेट सूखे होंगे।
वर्ष 1986 में इंग्लैंड को उसी की सरजमीं पर हराने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे अजहर ने कहा कि बर्मिंघम में अगले महीने शुरू हो रही पांच टेस्ट की श्रृंखला के दौरान भारतीय टीम के पास इंग्लैंड को उसी की सरजमीं पर हराने का सर्वश्रेष्ठ मौका है क्योंकि विराट कोहली की अगुआई वाली टीम खेल के सभी विभाग में मजबूत है। अजहर ने कहा कि भारत को कुलदीप को मौका देना चाहिए क्योंकि सीमित ओवरों में इंग्लैंड की टीम को उनके खिलाफ संघर्ष करना पड़ा था। अजहर ने हालांकि कहा कि टीम चयन विकेट पर निर्भर करेगा लेकिन संयोजन तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों का होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर घास वाली पिच है तो वे 4-1 के साथ उतर सकते हैं लेकिन मेरा मानना है कि अगर आप जीतना चाहते हैं तो 3-2 बेहतर संयोजन है। क्योंकि बाद में पिच सूख जाएगी। वहां गर्मी है और पिच से स्पिन मिलेगी विशेषकर अंतिम दो दिन।’’ अजहर ने कहा, ‘‘इंग्लैंड का पलड़ा तभी भारी होगा अगर पिचों पर घास होगी लेकिन अगर पिच पर घास हुई तो उन्हें भी जूझना पड़ेगा क्योंकि हमारे पास भी काफी अच्छे स्विंग गेंदबाज हैं।’’ इस पूर्व कप्तान ने कुलदीप की तारीफ की और कहा कि फार्म के आधार पर उसे चुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है इसलिए उसे चुना जाना चाहिए और इंग्लैंड की टीम उनके खिलाफ जूझ रही है। अश्विन और कुलदीप को खिलाया जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



