India Won Squash World Cup: भारत ने स्क्वाश वर्ल्ड कप में पहली बार खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने हांगकांग को 3-0 से करारी शिकस्त दी और ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ भारत स्क्वाश वर्ल्ड कप जीतने वाला एशिया का पहला देश बन गया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद शानदार और दबदबे वाला रहा।
India Won Squash World Cup: पूरी हुई 2023 की कसर

इससे पहले स्क्वाश वर्ल्ड कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 में कांस्य पदक तक सीमित था, लेकिन इस बार टीम ने हर चुनौती को पार करते हुए खिताबी मंजिल हासिल की। यह जीत भारतीय स्क्वाश के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब यह खेल लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में पहली बार ओलंपिक का हिस्सा बनने जा रहा है।
एक भी मैच नहीं हारा भारत

दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। ग्रुप स्टेज में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार के चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में अनुभवी जोशना चिनप्पा ने दमदार खेल दिखाते हुए ली का यी को 3-1 से हराकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को सीधे गेमों में हराया, जबकि महज 17 साल की अनाहत सिंह ने टोमाटो हो को 3-0 से शिकस्त देकर भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के इस शानदार तालमेल ने भारत को विश्व चैंपियन बना दिया।
Also Read: एक टीम से खेलेंगे तीन भाई, 5 दशक के बाद वर्ल्ड कप में दिखेगी भाईयों की तिकड़ी




















