Jos Buttler ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में बने सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

Summary :

जोस बटलर टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने द हंड्रेड लीग में वेल्श फायर के खिलाफ 20 गेंदों में नाबाद 51 रन की पारी खेलते हुए कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ दिया और अपने कुल रन 14,833 तक पहुंचा दिए। इस दौरान बटलर ने अपने टी20 करियर का 106वां अर्धशतक और 650वां छक्का भी पूरा किया।

इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ते हुए टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया है।

यह अचीवमेंट बटलर ने द हंड्रेड लीग में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले के दौरान हासिल की। रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए उन्हें सिर्फ 22 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने शानदार अंदाज में पूरा किया। बटलर ने महज 20 गेंदों में नाबाद 51 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 6 शानदार छक्के शामिल रहे। इस पारी के बाद उनके टी-20 करियर के कुल रन 14,833 हो गए।

Jos Buttler New Record: आसान जीत में चमके बटलर

Jos Buttler New Record
Jos Buttler New Record (Source: Google)

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर ने 155 रन बनाए। ऐसे में टारगेट का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहतरीन रही। टिम साइफर्ट ने नाबाद 62 रन बनाए, जबकि पॉल वॉल्टर ने 37 रनों का योगदान दिया। इसके बाद जोस बटलर ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ टी-20 क्रिकेट का सबसे बड़ा बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

Jos Buttler breaks T20 runs record in Manchester
Jos Buttler breaks T20 runs record in Manchester (Source: Google)

जोस बटलर ने अब टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पोजीशन हासिल कर ली है।

14,833 रन – जोस बटलर
14,803 रन – कीरोन पोलार्ड
14,562 रन – क्रिस गेल
14,449 रन – एलेक्स हेल्स
14,284 रन – डेविड वॉर्नर
14,218 रन – विराट कोहली

गौरतलब है कि कीरोन पोलार्ड ने 746 टी20 मैचों में 14,803 रन बनाए थे, जबकि बटलर ने यह आंकड़ा सिर्फ 522 मैचों में ही पार कर लिया।

शानदार रहा बटलर का टी20 करियर

Jos Buttler T20I Career
Jos Buttler T20I Career (Source: Google)

जोस बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड ने 2022 का टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में भी उन्होंने 160 मैचों में 4,212 रन बनाए हैं, जबकि उनके बाकी रन आईपीएल, बिग बैश लीग (BBL), द हंड्रेड, टी-20 ब्लास्ट और बाकी घरेलू व फ्रेंचाइजी टूर्नामेंटों में आए हैं। टी-20 करियर के कुल रनों में घरेलू और लीग क्रिकेट के आंकड़े भी शामिल किए जाते हैं।

अर्धशतक और छक्कों के मामले में भी शानदार रिकॉर्ड

Jos Buttler Record In Sixes
Jos Buttler Record In Sixes (Source: Google)

वेल्श फायर के खिलाफ खेली गई 51 रन की पारी बटलर के टी-20 करियर का 106वां अर्धशतक भी रही। टी20 क्रिकेट में उनसे ज्यादा अर्धशतक सिर्फ डेविड वॉर्नर (118) और विराट कोहली (110) ने लगाए हैं, जबकि बाबर आजम के नाम 101 अर्धशतक दर्ज हैं। अब तक अपने टी20 करियर में बटलर 35.4 की एवरेज के साथ 14,833 रन बना चुके हैं, इस दौरान उन्होंने 106 अर्धशतक और 9 शतक लगाए हैं। इतना ही नहीं, वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अपने टी-20 करियर का 650वां छक्का भी पूरा कर के एक और बड़ी अचीवमेंट हासिल की।

Read More: DPL 2026: हिम्मत सिंह के अनोखे रन आउट ने मचाई सनसनी, आखिरी गेंद पर किस्मत ने पलट दिया मैच

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले चार साल से पत्रकारिता के फिल्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं