Nepal: शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में 27 सितंबर को नेपाल ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिस पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकीं। क्रिकेट के इतिहास में पहली बार नेपाल ने किसी ICC फुल मेंबर देश को हराया है। यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि उसके सामने दो बार की T20 वर्ल्ड चैंपियन टीम वेस्टइंडीज थी। तीन मैचों की T20I सीरीज के पहले मुकाबले में नेपाल ने वेस्टइंडीज को 19 रनों से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली है।
नेपाल की शुरुआत खराब रही
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की शुरुआत खराब रही और उसने सिर्फ 12 रन पर दो विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान रोहित पौडेल और कौशल माला ने तीसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी की। पौडेल ने 35 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि माला ने 21 गेंदों में 30 रन की पारी खेली। इसके अलावा गुलशन झा ने 16 गेंदों पर 22 रन और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 17 रन जोड़े। निर्धारित 20 ओवर में नेपाल ने 8 विकेट पर 148 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर ने 4 विकेट और नवीन बिदाईसी ने 3 विकेट हासिल किए।
कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम कभी लय में नहीं दिखी। उसके शुरुआती विकेट लगातार गिरते रहे और 76 रन तक पहुंचते-पहुंचते 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नवीन बिदाईसी ने 22, अमीर जंगू ने 19, फैबियन एलन ने 19 और कप्तान अकील हुसैन ने 18 रन बनाए। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 129 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
नेपाल की ओर से कुशल भुर्टेल ने 2 विकेट लिए, जबकि दीपेंद्र सिंह ऐरी, करण केसी, नंदन यादव, ललित राजबंशी और रोहित पौडेल को 1-1 विकेट मिला। इस जीत के साथ नेपाल ने साबित कर दिया कि उसका क्रिकेट लगातार प्रगति कर रहा है। यह नतीजा आने वाले समय में नेपाल क्रिकेट के लिए नई राहें खोलेगा और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा।
Also Read: Asia Cup फाइनल से पहले Team India पर इंजरी का साया, Hardik-Tilak-Abhishek को लगी चोट


Download Android App
Download iOS App






