जोहानिसबर्ग : डुआने ओलिवर के सीरीज में तीसरी बार पांच विकेट लेने के कारनामे से बैकफुट पर पहुंचे पाकिस्तान को उसके गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां वापसी दिलायी। ओलिवर ने 51 रन देकर पांच विकेट लिये और पाकिस्तान को 185 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभायी।
पाकिस्तान ने अपने अंतिम पांच विकेट 16 रन के अंदर गंवाये। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह से पहली पारी में 77 रन की बढ़त हासिल की लेकिन दूसरी पारी में उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज नहीं चल पाये और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उसका स्कोर पांच विकेट पर 135 रन था।
दक्षिण अफ्रीका को इस तरह से अब 212 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। हाशिम अमला ने एक छोर संभाले रखा है। वह अभी 90 गेंदों पर 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। क्विंटन डिकाक ने दिन के अंतिम क्षणों में 35 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाकर रन गति तेज की। ये दोनों छठे विकेट के लिये अब तक 42 रन जोड़ चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



