पूर्व तेज गेंदबाज और जूनियर चयन समिति के चेयरमैन वेंकटेश प्रसाद ने किसी भी तरह के हितों के टकराव से बचने के लिए तत्काल प्रभाव से ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। क्रिकइन्फों के अनुसार प्रसाद ने अपने इस्तीफे के बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को शुक्रवार को ही बता दिया। ऐसा माना जा रहा है कि प्रसाद आईपीएल में किसी टीम से जुड़ने वाले हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी तरह के हितों के टकराव के मुद्दे से बचने के लिए ही उन्होंने जूनियर चयन समिति के चेयरमैन के पद से इसतीफा दिया है।
प्रसाद को गुरुवार को ही दो अन्य जूनियर चयनकर्ता ज्ञानेंद्र पांडे और राकेश पारेख के साथ अंडर-16 और अंडर-19 टीम के राष्ट्रीय शिविर के लिए चुना गया है। राष्ट्रीय शिविर बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में होनी है। जूनियर चयन पैनल के प्रमुख के रूप में प्रसाद का कार्यकाल बेहद सफल रहा है। उनके कार्यकाल के दौरान ही भारत ने दो बार अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में जगह बनाई और पिछले महीने ही खिताब जीता था। भारत के लिए 33 टेस्ट और 161 वनडे मैच खेल चुके प्रसाद ने सीनियर राष्ट्रीय चयन पैनल के लिए भी आवेदन किया था।
इसके अलावा उन्होंने बीसीसीआई के महाप्रबंधक पद के लिए भी आवेदन दाखिल किया था। लेकिन पूर्व विकेटकीपर सबा करीम को इस पद के लिए चुना गया था। 48 साल के प्रसाद आईपीएल में 2008 में रायल चेलैंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजी कोच थे। उसके बाद वह चेन्नई सुपर किंग्स (2009-10) और फिर रायल चेलैंजर्स बेंगलुरु (201।13) के कोच बने।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



