टीवी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं Rohit Sharma, जानें ‘Rohit Sharma Show’ की पूरी डिटेल्स

Summary :

भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा जल्द ही टीवी की दुनिया में कदम रखने वाले हैं और उनका नया शो ‘Rohit Sharma Show’ सोनी टीवी पर लॉन्च होने जा रहा है। शो में रोहित खुद होस्ट की भूमिका निभा सकते हैं और इसमें कॉमेडी व मनोरंजन का तड़का देखने को मिल सकता है। क्रिकेट की बात करें तो रोहित टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। 2026 में भारतीय टीम को 11 वनडे मैच खेलने हैं, जिनमें रोहित के खेलने की उम्मीद है।

इंडियन क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ एंटरटेंमेंट की दुनिया में भी नजर आने वाले हैं। टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा जल्द ही टीवी पर अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। उनका नया शो ‘Rohit Sharma Show’ जल्द लॉन्च होने वाला है, जिसे एक बड़े एंटरटेनमेंट डेब्यू के तौर पर पेश किया जा रहा है।

दरअसल, सोनी टीवी नेटवर्क ने सोशल मीडिया पर इस शो का नया टीजर रिलीज़ किया है। टीजर सामने आते ही रोहित शर्मा के फैंस के बीच इसे लेकर एक्साइटमेंट बढ़ गई है। इससे पहले मई में भी शो का एक प्रोमो रिलीज किया गया था, जिसमें रोहित अपने फैंस के बीच काफी मजेदार अंदाज में नजर आए थे। उस प्रोमो में फैंस रोहित से उनकी चर्चित ‘गार्डन में घूमने’ वाली लाइन दोहराने की मांग करते दिखाई दिए थे। रोहित ने उस समय मजाकिया अंदाज में कहा था, “2 लाइन क्या बोल दी, इतनी वायरल हो गई। जब पूरा शो आएगा तब क्या होगा।”

नए टीजर में रोहित शर्मा का दिखा अलग अंदाज

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Rohit Sharma (@rohitsharma45)

ऐसे में अब जारी किए गए नए टीजर में रोहित शर्मा का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। वीडियो में वह कैमरा संभालने वाले लोगों और शो की टीम के बाकी मेंबर्स को निर्देश और सलाह देते दिखाई दे रहे हैं। इससे सिंग्नल मिलते हैं कि शो में रोहित सिर्फ एक क्रिकेटर के तौर पर नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे और कैमरे के सामने भी एक्टिव रोल निभा सकते हैं।

हालांकि, शो के फॉर्मेट और कंटेंट से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन माना जा रहा है कि रोहित इसमें होस्ट या प्रेजेंटर का रोल निभाएंगे। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के सीईओ गौरव बनर्जी भी पहले सिंग्नल दे चुके हैं कि इस शो की होस्टिंग खुद रोहित शर्मा करेंगे।

ऐसा बताया जा रहा है कि शो में कॉमेडी और एंटरटेंमेंट का तड़का देखने को मिल सकता है। हालांकि, इसमें कौन-कौन से सेगमेंट होंगे और रोहित के साथ कौन से मेहमान नजर आएंगे, इसकी ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है।

अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं रोहित

Rohit Sharma Plays ODI Only
Rohit Sharma Plays ODI Only (Source: Google)

क्रिकेट की बात करें तो रोहित शर्मा ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास लेने का फैसला किया। अब रोहित भारतीय टीम के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं।

हाल ही में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए वनडे मुकाबले में देखा गया था। इस मैच में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 138 रन बनाए। उनकी इस पारी ने इतिहास भी रच दिया, क्योंकि उनसे पहले कोई भारतीय बल्लेबाज लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे में शतक नहीं लगा पाया था।

2026 में रोहित के पास होंगे लिमीटेड वनडे मुकाबले

Rohit Sharma Matches In 2026
Rohit Sharma Matches In 2026 (Source: Google)

अगर रोहित शर्मा पूरी तरह फिट रहते हैं, तो 2026 के आखिर तक उनके पास इंडियन टीम के लिए खेलने के लिमीटेड मौके होंगे। इस साल टीम इंडिया को कुल 11 वनडे मुकाबले खेलने हैं। इंडियन टीम आने वाले समय में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन, श्रीलंका के खिलाफ तीन और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। ऐसे में रोहित के फैंस को मैदान पर उनका खेल देखने के साथ-साथ अब टीवी स्क्रीन पर उनका नया अंदाज देखने का भी इंतजार रहेगा। क्रिकेट के बाद एंटरटेंमेंट की दुनिया में रोहित शर्मा की यह नई पारी कितनी सक्सेसफुल रहती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Read More: Vaibhav Sooryavanshi को लेकर ब्रेट ली ने जाहिर किए जज़्बात, 15 साल के बल्लेबाज को दी ये खास सलाह

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले चार साल से पत्रकारिता के फिल्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं