Saina Nehwal Retirement Announcement: भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी Saina Nehwal ने अपने शानदार करियर पर आधिकारिक तौर पर विराम लगा दिया है। 2012 लंदन ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली साइना अब बैडमिंटन कोर्ट पर खेलती नजर नहीं आएंगी। 35 साल की साइना ने साफ कर दिया है कि उनका शरीर अब इस स्तर के खेल का साथ नहीं दे पा रहा, इसी वजह से उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला लिया है।
संन्यास का किया ऐलान

एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान साइना ने बताया कि उन्होंने असल में दो साल पहले ही खेलना छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, “मैंने अपने तरीके से खेल शुरू किया और अपने तरीके से ही छोड़ा। मुझे अलग से रिटायरमेंट का ऐलान करने की जरूरत महसूस नहीं हुई।” साइना ने यह भी कहा कि जब शरीर खेलने लायक नहीं रहता, तो फैसला अपने आप सामने आ जाता है और इसमें कोई पछतावा नहीं होना चाहिए।

पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी ने अपनी फिटनेस को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके घुटनों की हालत काफी खराब हो चुकी है। साइना के मुताबिक उनकी कार्टिलेज पूरी तरह घिस चुकी है और उन्हें घुटनों में अर्थराइटिस की समस्या है। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता और कोच को यह जानना जरूरी था। मैंने उनसे साफ कहा कि अब मेरे लिए इस लेवल पर खेलना बहुत मुश्किल हो गया है।”
घुटने में है परेशानी

Saina Nehwal ने आगे कहा कि उनका घुटना ज्यादा देर तक ट्रेनिंग भी नहीं झेल पा रहा था। जहां एक टॉप खिलाड़ी को रोज 8–9 घंटे कड़ी ट्रेनिंग करनी होती है, वहीं उनका घुटना 1–2 घंटे में ही सूज जाता था। ऐसे में लगातार अभ्यास करना नामुमकिन हो गया था और तभी उन्हें महसूस हुआ कि अब आगे बढ़ना सही नहीं होगा।
साइना के करियर पर 2016 रियो ओलंपिक में लगी गंभीर घुटने की चोट का गहरा असर पड़ा। हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने जबरदस्त जज्बा दिखाते हुए 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतकर शानदार वापसी की। बावजूद इसके, बार-बार घुटने की परेशानी उनके खेल में बाधा बनती रही। अब साइना ने साफ कर दिया है कि उनका समय पूरा हो चुका है और उन्होंने बैडमिंटन को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है।
Also Read: रिंकू सिंह के खिलाफ दर्ज हुई FIR, T20 वर्ल्ड कप से पहले विवादों में घिरा स्टार खिलाड़ी


Download Android App
Download iOS App




