Shubham Ranjane against Shaheen Afridi: T20 World Cup 2026 में 10 फरवरी को पाकिस्तान और अमेरिका के बीच खेले गए मुकाबले में भले ही जीत पाकिस्तान के खाते में गई हो, लेकिन असली सुर्खियां एक ऐसे बल्लेबाज ने बटोरीं, जिसने अकेले दम पर पाकिस्तानी गेंदबाजों को चुनौती दी। खासकर शाहीन अफरीदी को यह मुकाबला शायद लंबे समय तक याद रहने वाला है। और इसकी वजह बने – शुभम रंजने।
Shubham Ranjane against Shaheen Afridi: अकेले लड़ी लड़ाई

पाकिस्तान से मिले 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए USA की टीम की ओर से अगर किसी ने मजबूती से लड़ाई लड़ी, तो वो शुभम रंजने थे। 31 साल के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 30 गेंदों में 51 रन ठोक दिए। उनका स्ट्राइक रेट 170 का रहा और पारी में 3 चौके व 3 छक्के शामिल थे। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला अर्धशतक भी रहा।

लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि उन्होंने शाहीन अफरीदी के खिलाफ किस अंदाज में बल्लेबाजी की। रंजने ने शाहीन की 7 गेंदों का सामना किया और 257.14 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 18 रन बटोर लिए। अपनी 6 बाउंड्री में से 3 उन्होंने सिर्फ शाहीन के खिलाफ जमाईं। साफ था कि इस दिन वो पाकिस्तानी तेज गेंदबाज पर हावी रहे।
भारतीय क्रिकेट से है कनेक्शन

दिलचस्प बात यह है कि शुभम रंजने का कनेक्शन भारतीय क्रिकेट से भी गहरा है। वह टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव के करीबी दोस्त हैं। दोनों ने मुंबई क्रिकेट में साथ खेला है और रंजने अक्सर सूर्यकुमार को अपना बड़ा भाई मानते हैं।
अब सवाल उठता है कि शुभम रंजने हैं कौन? उनका क्रिकेट से नाता पारिवारिक है। उनके दादा वसंत रंजने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। वहीं उनके पिता महाराष्ट्र और इंडिया ए के लिए अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं। इसी क्रिकेट विरासत को आगे बढ़ाते हुए शुभम आज USA की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ उनकी यह पारी भले टीम को जीत न दिला सकी हो, लेकिन शाहीन अफरीदी के खिलाफ जिस अंदाज में उन्होंने रन बटोरे, उसने उन्हें एक झटके में चर्चा का केंद्र बना दिया।




















