लंदन : भारतीय गेंदबाजों ने दिशाविहीन गेंदबाजी करते हुए और क्षेत्ररक्षकों ने कुछ नजदीकी मौके टपकाकर ओपनर शिखर धवन (125) की शतकीय पारी पर पानी फेर दिया और गत चैंपियन भारत को श्रीलंका के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के ग्रुप बी मुकाबले में गुरुवार को सात विकेट की सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 124 रन से हराने के बाद सातवें आसमान पर थी लेकिन श्रीलंकाई टीम ने सात विकेट की जीत के साथ टीम इंडिया को जमीन पर ला दिया। भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर 321 रन का मजबूत स्कोर बनाया मगर श्रीलंका के शीर्ष बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48.4 ओवर में तीन विकेट पर 322 रन बनाकर अपनी टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदों को कायम रखा। ग्रुप बी में अब बेहद दिलचस्प स्थिति हो गयी है और ग्रुप की चारों टीमों भारत,श्रीलंका,दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के पास एक-एक जीत और एक-एक हार है। श्रीलंका की इस जीत से ग्रुप बी’ग्रुप आफ डैथ बन गया हैै। इस ग्रुप से सेमीफाइनल में जाने वाली दो टीमों का फैसला अब ग्रुप के आखिरी मैचों से होगा। भारत को अपने अंतिम मैच में 11 जून को दक्षिण अफ्रीका से भिडऩा है जबकि इसके अगले दिन श्रीलंका का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। इन दो मैचों में जो टीमें जीतेंगी वही सेमीफाइनल में पहुंचेगी।


श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। शिखर और रोहित ने एक बार फिर जमकर खेलते हुए शतकीय साझेदारी कर डाली। दोनों ने 19.2 ओवर में भारत के 100 रन पूरे किये। रोहित ने अपना अर्धशतक 62 गेंदों में और शिखर ने 69 गेंदों में पूरा किया। लसित मलिंगा ने रोहित को तिषारा परेरा के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। भारत का पहला विकेट 138 के स्कोर पर 25 वें ओवर में गिरा लेकिन अगले ही ओवर में भारत को एक बड़ा झटका लग गया जब कप्तान विराट कोहली खाता खोले बिना नुवान प्रदीप की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। विराट ने पिछले मैच में नाबाद 81 रन की शानदार पारी खेली थी लेकिन इस बार वह अपना खाता भी नहीं खोल पाये। विराट का वनडे में 181 मैचों में यह 11 वां शून्य था। विराट वनडे में लगभग तीन साल बाद जाकर शून्य पर आउट हुए। विराट का आईसीसी टूर्नामेंटों में यह पहला शून्य था। पाकिस्तान के खिलाफ मैन आफ द मैच रहे युवराज सिंह भी इस बार सस्ते में निपट गये। युवराज ने सात रन बनाये और उन्हें असेला गुणारत्ने ने बोल्ड किया। भारत का तीसरा विकेट 179 के स्कोर पर गिरा। शिखर ने इसके बाद धोनी के साथ चौथे विकेट के लिये 10.4 ओवर में 82 रन की साझेदारी की जिसने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। धोनी हालांकि शुरुआत में धीमे रहे लेकिन इसके बाद उन्होंने हाथ खोलते हुए सात चौके और दो छक्के लगाये। शिखर ने अपना शतक 112 गेंदों में 13 चौकों की मदद से पूरा किया। शिखर का विकेट मलिंगा ने लिया।
भारत ने अपना चौथा विकेट 261 के स्कोर पर गंवाया। हार्दिंक पांड्या नौ रन बनाकर सुरंगा लकमल का शिकार बने। धोनी आखिरी ओवर में परेरा की दूसरी गेंद पर आउट हुए। जाधव ने तीसरी गेंद पर छक्का और अंतिम दो गेंदों पर चौके उड़ाते हुए भारत को 321 तक पहुंचा दिया। भारत ने अंतिम 10 ओवर में 103 रन जोड़े। मलिंगा ने 70 रन पर दो विकेट ,लकमल ने 72 रन पर एक विकेट , प्रदीप ने 73 रन पर एक विकेट ,परेरा ने 54 रन पर एक विकेट और गुणारत्ने ने सात रन पर एक विकेट लिया।


Download Android App
Download iOS App





