वेस्टइंडीज के दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन ने 38 साल की उम्र में टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी अचीवमेंट अपने नाम कर ली है। उन्होंने टी20 क्रिकेट के इतिहास में 650 विकेट पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह दुनिया के सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं। नरेन ने यह खास मुकाम कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) के मुकाबले में हासिल किया।
त्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए नरेन ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ जॉन कैम्पबेल को अपना शिकार बनाया। कैम्पबेल का विकेट उनके टी-20 करियर का 650वां विकेट रहा और इसके साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। हालांकि, नरेन की इस ऐतिहासिक अचीवमेंट के बावजूद उनकी टीम को मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। सेंट लूसिया किंग्स ने टिम साइफर्ट की शानदार शतकीय पारी के दम पर 211 रन बनाए। लेकिन जवाब में त्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम 175 रन ही बना सकी। कीरोन पोलार्ड ने महज 26 गेंदों पर 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
611 मैचों में 650 विकेट

आपको बता दें कि सुनील नरेन ने अपने टी20 करियर के 611वें मैच में 650 विकेट का आंकड़ा छुआ। उनसे पहले सिर्फ राशिद खान ही यह अचीवमेंट हासिल कर पाए हैं। राशिद खान के नाम अब तक 736 टी-20 विकेट दर्ज हैं और वह इस फॉर्मेट में 700 से ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं। टी20 क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में नरेन और राशिद के अलावा ड्वेन ब्रावो का नाम भी शामिल है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट

736 विकेट — राशिद खान
650 विकेट — सुनील नरेन
631 विकेट — ड्वेन ब्रावो
CPL में भी नरेन का दबदबा

सुनील नरेन कैरेबियन प्रीमियर लीग के इतिहास में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने हाल ही में ड्वेन ब्रावो के 129 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था, अब उनके नाम CPL में 137 विकेट हो चुके हैं। हालांकि, नरेन को इमरान ताहिर से कड़ा चैलेंज मिल रहा है। ताहिर 135 विकेट के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। यानी नरेन और ताहिर के बीच महज दो विकेट का अंतर है।
IPL में भी बना चुके हैं इतिहास

सुनील नरेन का रिकॉर्ड सिर्फ CPL तक लिमिटेड नहीं है। इंडियन प्रीमियर लीग में भी वह कई बड़ी अचीवमेंट्स हासिल कर चुके हैं, नरेन IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं और अब तक वो 207 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वह IPL में 200 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले पहले विदेशी गेंदबाज भी हैं। IPL में वैसे सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम है, जिनके खाते में अब तक 233 विकेट दर्ज हैं।
हालांकि 38 साल की उम्र में भी सुनील नरेन का टी20 क्रिकेट में दबदबा कायम है, ये कहना गलत नहीं होगा। 650 विकेट का आंकड़ा पार करना उनके लंबे और शानदार टी-20 करियर की एक और ऐतिहासिक अचीवमेंट में से एक है।
Read More: कब और कहां खेले जाएंगे भारत-अफगानिस्तान के बीच मुकाबले?, देखें टी-20 सीरीज का पूरा शेड्यूल


Download Android App
Download iOS App




