मैनचेस्टर : खेल के छोटे प्रारूपों में पिछले कुछ समय में दबदबा बनाने वाली भारतीय टीम पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में साथ इंग्लैंड दौरे की कड़ी चुनौती की शुरुआत करेगी। इंग्लैंड की टीम ने पिछले कुछ समय में सीमित ओवरों में काफी प्रगति की है और विराट कोहली तथा उनकी टीम के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण रहेगा। पिछले एक दशक में भारत की सीमित ओवरों की टीम के प्रदर्शन में निरंतरता देखने को मिली है जबकि इंग्लैंड ने जोस बटलर, जेसन राय और बेन स्टोक्स जैसे स्टार खिलाड़ियों की बदौलत अंतत : वनडे और टी 20 मैचों में लय हासिल की है।
वनडे विश्व कप 2019 में अब 12 महीने से भी कम का समय बचा है और ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह तैयारी का भी अच्छा मौका होगा। भारत ने इस सीरीज से पहले दो मैचों की टी 20 सीरीज में आयरलैंड पर 72 और 143 रन की जीत दर्ज की लेकिन कोहली अच्छी तरह वाकिफ हैं कि इंग्लैंड की टीम की चुनौती काफी कड़ी होगी। भारत को हालांकि इस तथ्य से आत्मविश्वास मिलेगा कि उसने अपने पिछले 20 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में से 15 में जीत दर्ज की है जिसमें श्रीलंका में निदाहस ट्राफी और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर सीरीज जीतना भी शामिल है।
इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ सीरीज से ठीक पहले सीमित ओवरों में आस्ट्रेलिया को 6-0 से शिकस्त दी और इस दौरान बटलर, जेसन राय, जोनी बेयरस्टा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जून 2017 से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में से पांच में जीत दर्ज की।


Download Android App
Download iOS App



