नई दिल्ली : घरेलू मैदान पर पहला ही मुकाबला हार बैठी दिल्ली कैपिटल्स शनिवार को पिछले दोनों मुकाबले जीत चुकी केकेआर के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में अपनी पिछली गलतियां सुधारते हुये वापसी करने के इरादे से उतरेगी जबकि मेहमान टीम की निगाहें हैट्रिक पर लगी हैं। दिल्ली ने आईपीएल में बढ़िया शुरूआत करते हुये तीन बार की चैंपियन मुंबई को 37 रन से हराया था।
लेकिन आत्मविश्वास से शुरूआत करने वाली टीम घरेलू मैदान पर पहले मुकाबले में गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से छह विकेट से हारकर पटरी से उतर गयी। अपने मैदान पर हालांकि दूसरे मैच में अब उसके पास पिछली गलतियों को सुधारते हुये वापसी का सुनहरा मौका है। हालांकि केकेआर बेहतरीन फार्म में चल रही है और दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली टीम पिछले दोनों मैच जीतने के बाद लय में है। केकेआर ने पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद से छह विकेट से और दूसरा मैच किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 28 रन से जीता था।
लेकिन ये दोनों ही मैच उसने अपने घरेलू ईडन गार्डन मैदान पर जीते हैं और उस पर भी विपक्षी टीम के मैदान पर जीत दर्ज करने का दबाव रहेगा। दिल्ली की बात करें तो चेन्नई के खिलाफ टीम का बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। बल्लेबाजों में शिखर धवन के 51 रन के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज खास नहीं चला तो गेंदबाज भी चेन्नई को रोकने में खास संघर्ष नहीं कर सके।
स्पिनर अमित मिश्रा को 35 रन पर दो विकेट मिले जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने छह गेंदबाजों को उतारा। लगातार तीसरा मैच जीतने के लिये उतर रही केकेआर के खिलाफ दिल्ली को हरफनमौला खेल दिखाना होगा। खासकर बल्लेबाजी में पृथ्वी शॉ, धवन, अय्यर, विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत से और बेहतर खेल की उम्मीद रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



