नई दिल्ली : तमिलनाडु के आलराउंडर विजय शंकर को रविवार को निलंबित हार्दिक पांड्या की जगह ऑस्ट्रेलिया में मौजूदा एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया जबकि उभरते हुए खिलाड़ी शुभमन गिल को 23 जनवरी से शुरू हो रहे न्यूजीलैंड दौरे के लिए पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली।
विजय शंकर आलराउंडर पांड्या के विकल्प हैं जबकि गिल न्यूजीलैंड में होने वाले पांच एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय और तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए लोकेश राहुल की जगह लेंगे। एक टीवी शो पर महिलाओं के प्रति विवादास्पद टिप्पणी के कारण इन दोनों को जांच लंबित रहने तक निलंबित किया गया है।
बीसीसीआई ने कहा कि लोकेश राहुल और हार्दिक पांड्या आस्ट्रेलिया से वापस आ रहे हैं इसलिए अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने विकल्प के तौर पर आलराउंडर विजय शंकर और बल्लेबाज शुभमन गिल को भेजने का फैसला किया है। बयान के अनुसार कि विजय शंकर एडीलेड में दूसरे एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय से पूर्व टीम से जुड़ेंगे। वह आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का हिस्सा होंगे।
शुभमन गिल को न्यूजीलैंड में एकदिवसीय और टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज के लिए चुना गया है। प्रतिभावान गिल का भविष्य में भारतीय टीम में जगह बनाना तय माना जा रहा था लेकिन उन्हें उम्मीद से जल्दी मौका मिला है। कोलकाता नाइट राइडर्स में गिल के कप्तान दिनेश कार्तिक और पंजाब टीम के सीनियर साथी युवराज सिंह पहले ही इस बल्लेबाज के भारत के साथ लंबे करियर की भविष्यवाणी कर चुके हैं। युवराज ने पिछले हफ्ते कोलकाता में रणजी ट्राफी मैच के इतर गिल को ‘काफी विशेष प्रतिभा’ करार दिया था।


Download Android App
Download iOS App



