हिट करते हुए नहीं देखता कौन गेंदबाज है : ऋषभ पंत

Summary :

ऋषभ पंत ने कहा कि जब वह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिये लय में आ जाते हैं तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन गेंदबाजी कर रहा है।

विशाखापत्तनम : दिल्ली कैपिटल्स की दो विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ऋषभ पंत ने कहा कि जब वह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिये लय में आ जाते हैं तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन गेंदबाजी कर रहा है। ऋषभ पंत ने 21 गेंद में 49 रन की पारी के दौर पांच छक्के जड़े जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो विकेट से जीत हासिल की।

मैन आफ द मैच रहे ऋषभ पंत ने मैच के बाद कहा कि टी20 में आपको 20 गेंद में 40 या इससे ज्यादा रन बनाने की जरूरत होती है, फिर आपको एक गेंदबाज के खिलाफ आक्रमण करना होता है। मैं यह नहीं देखता कि कौन गेंदबाजी कर रहा है। यह हमारी आदत में शुमार हो चुका है और इसलिये हम इतना ज्यादा अभ्यास करते हैं। आज यह विशेष रहा क्योंकि मैंने गेंद को ज्यादा जोर से हिट करने का प्रयास नहीं किया।

मैं सिर्फ गेंद को देख रहा था और सही टाइम से हिट करने की कोशिश कर रहा था। पंत ने कहा कि अगर आप ऐसे विकेट पर जम जाते हो तो आपको अपनी टीम के लिये मैच खत्म करना चाहिए। मैं करीब ले गया लेकिन अगली बार मैं टीम के लिये फिनिश करूंगा।

Desk Team