भारतीय तेज़ गेंदबाज़ और RCB के खिलाड़ी Yash Dayal एक विवाद में फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद की रहने वाली एक युवती ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने यह शिकायत मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के ज़रिए दर्ज कराई है।
शिकायत में महिला ने दावा किया है कि वह पिछले पांच सालों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थी। इस दौरान यश ने उसे शादी का वादा कर कई बार उसका भरोसा जीता और फिर उसका शोषण किया। युवती का कहना है कि यश ने उसे अपने परिवार से मिलवाया और उसे बहू के तौर पर भी परिचित करवाया, जिससे उसे पूरा यकीन हो गया कि उनका रिश्ता पक्का है।
महिला का आरोप है कि जब उसने यश से शादी की बात पर जवाब मांगा, तो यश का रवैया बदल गया। उसने न सिर्फ मना किया, बल्कि उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना भी की। इसके अलावा महिला ने ये भी कहा कि यश ने उसे इस कदर भावनात्मक और आर्थिक रूप से अपने ऊपर निर्भर कर दिया था कि वह पूरी तरह से असहाय महसूस करने लगी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यश दयाल का कई और महिलाओं के साथ भी ऐसा ही रिश्ता रहा है, जिससे युवती को यह महसूस हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है। युवती ने 14 जून 2025 को महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी संपर्क किया, लेकिन पुलिस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
महिला ने मुख्यमंत्री कार्यालय से न्याय की मांग की है। उसका कहना है कि उसके पास यश के साथ बातचीत की चैट्स, वीडियो कॉल्स, फोटोज और कई दूसरे सबूत भी हैं, जो उसकी बात को सही साबित करते हैं।
शिकायत में यह मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यश दयाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। महिला ने यह भी कहा कि यह कदम सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए ज़रूरी है जो ऐसे झूठे रिश्तों में फंसकर शिकार बनती हैं।
यश दयाल हाल ही में RCB की IPL 2025 खिताबी जीत का हिस्सा थे। उन्होंने इस सीज़न में 15 मैचों में 13 विकेट लिए थे। वे उत्तर प्रदेश की घरेलू टीम से खेलते हैं लेकिन अभी तक भारत की सीनियर टीम के लिए डेब्यू नहीं किया है।


Download Android App
Download iOS App




