आस्ट्रेलिया के धुरंधर सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को इस बात का अफसोस है कि सिडनी में भारत के मोहम्मद सिराज और कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं हुआ और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी। साथ ही वार्नर ने उम्मीद जताया कि उनके घर ब्रिस्बेन में दर्शक अच्छा व्यवहार करेंगे। उल्लेखनीय है कि सिडनी टेस्ट के दौरान दर्शकों की ओर से दो बार भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की गई।

एक घटना शनिवार को हुई थी जिसमें मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह के खिलाफ कुह आपत्तिजनक कहा गया था और एक घटना रविवार को हुई जब मोहम्मद सिराज के खिलाफ टिप्पणी की गई। दुनिया भर के क्रिकेटरों ने इन घटनाओं की निंदा की है। आईसीसी ने इसे लेकर घोर आपत्ति जताई है। सीए ने इसे लेकर जांच शुरू कर दी है। रविवार की घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों को स्टेडियम के बाहर किया।

क्या लिखा वार्नर ने अपने पोस्ट में?
वार्नर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर कहा, नस्लवाद और अपशब्द किसी भी माहौल में और किसी भी समय स्वीकार्य नहीं हैं। सिडनी में सिराज के साथ जो हुआ मैं उसके लिए उनसे माफी मांगता हूं और उम्मीद करता हूं कि गाबा में हमारे दर्शक अच्छा व्यवहार करेंगे।
चार मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। एडिलेड में आस्ट्रेलिया ने जहां आठ विकेट से जीत हासिल की थी वहीं मेलबर्न में जीत हासिल करते हुए बराबरी की थी। सिडनी में खेला गया तीसरा टेस्ट अंतिम दिन रोमांचक ड्रॉ पर खत्म हुआ।

सिडनी में भारत ने 407 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिर में 131 ओवरों में पांच विकेट पर 334 रन बना लिए , लेकिन जब मैच में एक ओवर बचा हुआ था, तब दोनों टीमें ड्रॉ पर सहमत हो गई।

विहारी ने 161 गेंदों पर नाबाद 23 रन बनाए जबकि अश्विन ने 128 गेंदों पर नाबाद 38 रनों की पारी खेली। दोनों ने करीब 42 ओवरों विकेट पर बिताए और छठे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करके मैच ड्रॉ करा दिया।


Download Android App
Download iOS App



