गोंडा : अमित धनखड़ (74 किग्रा) और मौसम खत्री (97 किग्रा) ने रविवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए टाटा मोटर्स सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में अपने-अपने भार वर्ग में खिताबी जीत दर्ज की। पूर्व एशियाई और राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन धनखड़ ने इस भार वर्ग में सुशील कुमार जैसे दिग्गज की गैर मौजूदगी का फायदा उठाते हुए एसएससीबी के विनोद को 5-1 से हराते हुए पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में अपना सातवां राष्ट्रीय खिताब जीता।
86 किलोग्राम वर्ग में युवा पहलवान दीपक पूनिया से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह सेमीफाइनल में हार गए। बाद में प्रवीन ने फाइनल में पवन कुमार को 5-2 से हराते हुए इस भार वर्ग का सोना जीता। 65 किग्रा वर्ग में भारतीय वायु सेना के पहलवान हरफुल सिंह ने सोना जीता। हरफुल ने फाइनल में हरियाणा के प्रवीन को 10-4 से हराया। इसी तरह 61 किग्रा में रेलवे के राहुल अवारे ने गोवा के अभिमन्यु यादव को शिकस्त देते हुए चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।
97 किग्रा वर्ग में मौसम ने सत्यव्रत कादयान को हराकर सोना जीता। मौसम के लिए यह हाल के दिनों के सबसे कठिन मुकाबलों में से एक था। 70 किग्रा वर्ग का सोना चंडीगढ़ के रजनीश ने जीता जबकि 79 किग्रा वर्ग में आरएसपीबी के जीतेंद्र ने बाजी मारी। इसी तरह 92 किग्रा वर्ग में महाराष्ट्र के सिकंदर ने आरएसपीबी के कौटुक को हराकर सोना जीता।
125 किग्रा वर्ग में आरएसपीबी के सुमित ने महाराष्ट्र के अभिजीत को हराकर पहला स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में रेलवे का बोलबाला रहा। रेलवे ने 198 अंकों के साथ टीम खिताब जीता जबकि एसएससीबी ने 133 अंकों के साथ दूसरा और हरियाणा ने 123 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया।


Download Android App
Download iOS App



