तिरुवनंतपुरम : फार्म में लौटे शिखर धवन की 43 गेंद में 52 रन की पारी के बावजूद भारत ए को वर्षा से प्रभावित चौथे अनौपचारिक एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत चार रन से हार का सामना करना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका ए की ओर से मार्को जेनसन (25 रन पर तीन विकेट), एनरिच नोर्तजे (36 रन पर तीन विकेट) और लूथो सिपामला (55 रन पर तीन विकेट) ने तीन-तीन विकेट चटकाए जिससे भारत ए का मध्यक्रम ध्वस्त हो गया और मेहमान टीम जीत दर्ज करने में सफल रही।
बुधवार को बारिश के कारण मैच रिजर्व डे में खिंचा और गुरुवार को भी बारिश और मैदान गीला होने के कारण मैच विलंब से शुरू हुआ। सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुके भारत ए को लगातार चौथी जीत दर्ज करने के लिए 17.2 ओवर में 137 रन की दरकार थी।
इस मैच का एक सकारात्मक पक्ष धवन का 15 सितंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही टी20 सीरीज से पहले फार्म में लौटना रहा। बायें हाथ का यह बल्लेबाज वेस्टइंडीज दौरे पर सीमित ओवरों के मैचों में 36, 2, 3, 23 और एक रन की पारियां ही खेल पाया था।


Download Android App
Download iOS App



