धोनी जब तक फिट और फॉर्म में हैं, उन्हें खेलते रहना चाहिए: गौतम गंभीर

Summary :

कोरोना वायरस महामारी के कारण आईपीएल के संयुक्त अरब अमीरात में आयोजन को लेकर गंभीर ने कहा,‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आईपीएल कहां हो रहा है। यदि यूएई में हो रहा है तो कोई भी प्रारूप खेलने के लिये वह बेहतरीन जगह है

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने शनिवार को कहा कि महेंद्र सिंह धोनी जब तक फिट और फार्म में हैं, उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना चाहिये। सात जुलाई को 39 साल के हुए धोनी ने पिछले साल विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है। गंभीर ने कहा,‘‘उम्र तो एक आंकड़ा है। अगर आप अच्छे फार्म में हैं और गेंद को बखूबी पीट रहे हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘एम एस धोनी अच्छे फॉर्म में हैं और अपने खेल का मजा ले रहे हैं। अगर उन्हें लगता है कि वह अभी भी देश के लिये मैच जीत सकते हैं खासकर छठे और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करके।’’ गंभीर ने एक कार्यक्रम में बातचीत में कहा,‘‘वह अगर फार्म में हैं और फिट हैं तो उन्हें लगातार खेलना चाहिये। उनसे कोई संन्यास के लिये जबर्दस्ती नहीं कर सकता।’’ उन्होंने कहा,‘‘एम एस धोनी जैसे खिलाड़ियों पर उम्र को लेकर कई विशेषज्ञ दबाव बना सकते हैं लेकिन यह व्यक्तिगत फैसला होता है।’’
कोरोना वायरस महामारी के कारण आईपीएल के संयुक्त अरब अमीरात में आयोजन को लेकर गंभीर ने कहा,‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आईपीएल कहां हो रहा है। यदि यूएई में हो रहा है तो कोई भी प्रारूप खेलने के लिये वह बेहतरीन जगह है। इससे लोगों का मूड भी बदलेगा। इसलिये यह आईपीएल बाकी तमाम आईपीएल से बड़ा है क्योंकि मुझे लगता है कि यह देश के लिये है।’’

Desk Team