लंदन : तीन बार के चैंपियन और पिछले काफी समय से खराब दौर से गुजर रहे सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने घरेलू खिलाड़ी ब्रिटेन के काइल एडमंड को चार सेटों के संघर्ष में 4-6, 6-3, 6-2, 6-4 से हराकर विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में पुरूष एकल के चौथे दौर मे प्रवेश कर लिया है। फुटबॉल विश्वकप में इंग्लैंड की स्वीडन पर जीत से उत्साहित एडमंड और ब्रिटिश प्रशंसकों के सामने 31 वर्षीय जोकोविच ने पहला सेट हारने के बाद मजबूती से वापसी की।
वर्ष 2013 में यहां ब्रिटिश खिलाड़ी एंडी मरे के हाथों हारे सर्बियाई खिलाड़ी ने तीसरे सेट में काफी अच्छा खेल दिखाया लेकिन 21वीं सीड एडमंड चौथे सेट में फिर से वापसी करते दिखे और जोकोविच की सर्विस ब्रेक कर 4-4 की बराबरी कर ली। जोकोविच ने हालांकि अपने अनुभव का फायदा उठाते हुये यह सेट 6-4 से जीता और चौथे दौर में जगह बना ली।


Download Android App
Download iOS App



