अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को तैयार ड्वेन ब्रावो

Summary :

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के साथ मतभेदों के कारण खेल को अलविदा कहने वाले हरफनमौला ड्वेन ब्रावो ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का ऐलान किया।

नई दिल्ली : वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के साथ मतभेदों के कारण खेल को अलविदा कहने वाले हरफनमौला ड्वेन ब्रावो ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का ऐलान किया। ब्रावो ने कहा कि वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड की सत्ता में बदलाव के कारण उन्होंने मन बदला है। पूर्व टीम मैनेजर रिकी स्केरिट अब डेव कैमरन की जगह बोर्ड के नये अध्यक्ष बने हैं। ब्रावो ने एक बयान में कहा कि आज मैं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की घोषणा करता हूं। 
उन्होंने कहा कि मैने यह फैसला प्रशासनिक स्तर पर बोर्ड में हुए बदलाव के बाद लिया है। मैं कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था और सकारात्मक बदलावों ने मेरे फैसले को मजबूत किया। ब्रावो का कैमरन के साथ झगड़ा हुआ था जिन पर उसने कैरियर तबाह करने का आरोप लगाया था। 
यह 2014 में हुआ था जब ब्रावो की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज टीम बोर्ड के साथ भुगतान विवाद के कारण भारत दौरा बीच में छोड़कर चली गई थी। ब्रावो ने वेस्टइंडीज के लिये 40 टेस्ट, 164 वनडे और 66 टी20 खेले। वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिये आईपीएल खेलते हैं। इसके अलावा पीएसएल, बिग बैश लीग, कैरेबियाई प्रीमियर लीग, कनाडा लीग और अबुधाबी टी10 लीग भी खेले।

Desk Team