इंग्लैंड को हरा ऑस्ट्रेलिया क्वार्टरफाइनल में

Summary :

ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बनकर खिताबी हैट्रिक की तरफ कदम बढ़ा दिये है।

भुवनेश्वर : दो बार की गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बनकर खिताबी हैट्रिक की तरफ कदम बढ़ा दिये है। विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया अंतिम क्वार्टर में तीन गोल के दम पर पूल बी के अपने दूसरे मैच इंग्लैंड को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

ऑस्ट्रेलिया दो मैचों में छह अंक के साथ पूल तालिका में शीर्ष पर है। मंगलवार को पूल के एक अन्य मैच में चीन ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली टीम आयरलैंड को 1-1 से ड्रा पर रोक दिया। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया का क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश करने का रास्ता साफ हो गया। चीन के जिन ग्यू ने मैच के 43वें मिनट में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर टीम का खाता खोला लेकिन इसके अगले ही मिनट में आयरलैंड के एलन साउदर्न ने गोलकर स्कोर को बराकर कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में आयरलैंड को 2-1 से हराया था। इंग्लैंड के लिए यह हार चिंताजनक है जिसने अपना पहला मुकाबला कमजोर माने जाने वाले चीन से 2-2 से ड्रा खेला था। ऑस्ट्रेलिया अपने पूल में शीर्ष पर है जबकि विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज चीन आयरलैंड (एक अंक) और इंग्लैंड (एक अंक) से आगे है दूसरे स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी लीग मैच सात दिसंबर को चीन के खिलाफ खेलेगा जबकि इंग्लैंड का सामना इसी दिन आयरलैंड से होगा। विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया और सातवीं रैंकिंग वाले इंग्लैंड के बीच मंगलवार को खेले गये मैच का पहला क्वार्टर बेहद ही निराशा भरा रहा क्योंकि दोनों टीमें विरोधी की रक्षापंक्ति को नहीं भेद सकी।

मैच के 12वें मिनट में इंग्लैंड के बैरी मिडिलटन ने रिवर्स शॉट से मौका बनाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गोलकीपर टेलर लावेल्ल ने आसानी से उसे रोक दिया। दूसरे क्वार्टर में मैच के 21वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया के पास गोल करने का सुनहरा मौका था क्योंकि टीम को लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जार्ज पिन्नेर ने दोनों मौकों का नाकाम कर दिया।

फिल रूपर दो मिनट बाद बायीं ओर से इंग्लैंड के लिए मौका बनाया लेकिन उनका यह प्रयास भी सफल नहीं रहा। मध्यांतर से दो मिनट पहले ब्लेक गोवर्स टीम को बढ़त दिलाने के करीब पहुंच गये।

Desk Team