विश्व कप विजेता कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण अगर घरेलू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सत्र छोटा होता है तो इंग्लैंड एक ही समय पर दो अलग अलग जगहों पर दो टीमें उतार सकता है । जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड की टेस्ट टीम वेस्टइंडीज या पाकिस्तान का सामना कर सकती है जिन्हें तीन मैचों की श्रृंखला खेलनी है ।वहीं मोर्गन की कप्तानी में टीम जुलाई में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 ओवरों की या टी20 श्रृंखला खेल सकती है ।
मोर्गन ने कहा ,‘‘इस असाधारण समय में हर विकल्प पर विचार करना होगा । ऐसा समय हमने कभी नहीं देखा है । आर्थिक रूप से भी खेल के लिये यह कठिन समय है।’’ इंग्लैंड में सारा घरेलू क्रिकेट 28 मई तक स्थगित हो चुका है । वेस्टइंडीज दौरा चार जून से शुरू होना है । मोर्गन ने कहा ,‘‘एक खिलाड़ी के तौर पर हम अपनी ओर से पूरा प्रयास करेंगे । अभी हम खेलने के बारे में सोच ही नहीं रहे हैं जब तक कि हालात सामान्य नहीं हो जाते ।’’


Download Android App
Download iOS App



