इस कारण चौथे एशेज टेस्ट में टीम के साथ नहीं होंगे इंग्लैंड के हेड कोच क्रिस सिल्वरवुड

Summary :

इंग्लैंड के खेमे में कोरोना संक्रमण के सात मामले आने के बाद कोच क्रिस सिल्वरवुड क्वारंटाइन में रहेंगे और आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे एशेज टेस्ट के दौरान टीम के साथ नहीं होंगे।

इंग्लैंड के खेमे में कोरोना संक्रमण के सात मामले आने के बाद कोच क्रिस सिल्वरवुड क्वारंटाइन में रहेंगे और आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे एशेज टेस्ट के दौरान टीम के साथ नहीं होंगे। इंग्लैंड टीम के किसी सदस्य के परिजन के संक्रमित पाये जाने के बाद सिल्वरवुड को क्वारंटाइन में रहना होगा हालांकि उन्हें कोरोना संक्रमण होने के कोई संकेत नहीं हैं।
वह अपने परिवार के साथ दस दिन मेलबर्न में ही पृथकवास में रहेंगे जहां तीसरा टेस्ट खेला गया था। चौथा टेस्ट पांच जनवरी से सिडनी में खेला जायेगा। इंग्लैंड तीनों टेस्ट हार चुका है और आस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की विजयी बढत बना ली है।
इंग्लैंड ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की जांच रिपोर्ट बुधवार को आई। आज भी कई दौर में पीसीआर टेस्ट होंगे। सोमवार से अब तक हुई जांच में इंग्लैंड के सहयोगी स्टाफ के तीन सदस्य और परिवार के चार सदस्य संक्रमित पाये गए हैं।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने इस बीच बताया कि आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और सिडनी टेस्ट के लिये मैच रेफरी डेविड बून भी कोरोना पॉजिटिव पाये गए हैं। उनकी जगह स्टीव बर्नार्ड मैच रैफरी होंगे। बयान में कहा गया कि बून के 14 जनवरी से होबार्ट में शुरू हो रहे पांचवें टेस्ट तक वापसी की उम्मीद है। उन्हें कोई लक्षण नहीं है और उन्हें टीके के दोनों डोज के साथ बूस्टर भी लग चुका है। टीम को शुक्रवार को सिडनी रवाना होना है। दोनों टीमें चार्टर्ड उड़ान से सिडनी जायेंगे और समूचे होटल को उनके लिये आरक्षित किया गया है।

Desk Team