इंडियन वेल्स : गत चैम्पियन रोजर फेडरर ने इंडियन वेल्स मास्टर्स टूर्नामेंट में चुंग ह्योंग को 7-5, 6-1से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रिकार्ड छठे इंडियन वेल्स खिताब की कोशिश में जुटे फेडरर सेमीफाइनल में क्रोएशिया के बोर्ना कोरिच से भिड़ेंगे जिन्होंने सातवें वरीय केविन एंडरसन को 2-6, 6-4, 7-6 से पस्त किया।
साल के शुरू में आस्ट्रेलियन ओपन जीतकर 20वां ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम करने वाले फेडरर ने चुंग ह्योंग के खिलाफ मुकाबले में अपनी सर्विस पर 70 प्रतिशत अंक जुटाये जबकि उन्होंने सिर्फ एक डबल फाल्ट की और चार बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी। इस तरह उन्होंने एक घंटे 23 मिनट में जीत हासिल की। पिछले महीने उन्होंने रोटरडम में अपना 97वां एकल खिताब हासिल किया था जिससे वह विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गये और एटीपी इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
वीनस इंडियन वेल्स के सेमीफाइनल में
सात बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन वीनस विलियम्स ने स्पेन की कार्ला सुआरेज नावारो को 6-3, 6-2 से हराकर डब्ल्यूटीए इंडियन वेल्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनायी। वीनस 2001 के बाद पहली बार अंतिम चार में पहुंची हैं। चोट के कारण वह 2001 में सेमीफाइनल से पहले हट गयी थीं। इसके बाद उन्होंने कई वर्षों तक इस टूर्नामेंट में शिरकत नहीं की।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



